रिंकू शर्मा मर्डर केस में दिल्ली पुलिस ने 4 अन्य लोगों को किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने रविवार को रिंकू शर्मा की हत्या के मामले में 4 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने रविवार को रिंकू शर्मा की हत्या के मामले में 4 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। 25 साल के रिंकू शर्मा की 10 फरवरी को कथित तौर पर दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में लोगों के एक समूह द्वारा चाकू से गोदकर हत्या किए जाने के एक सप्ताह बाद पुलिस ने इन चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन चारों की पहचान दीन मोहम्मद (40), फैयाज (21), फैजान (21) और दिलशान (22) के रूप में हुई है।
Recommended Video
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने रिंकू शर्मा की हत्या के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पीआरओ अनिल मित्तल ने इस गिरफ्तारी को लेकर कहा कि गवाहों की जांच और सीसीटीववी फुटेज को स्कैन करने के बाद अपराध शाखा ने इन चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में इन चारों को रिंकू पर हमाला करते देखा गया, जिसके आधार पर इन्हें गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें: अखिलेश ने सीएम योगी के कार्यकाल में विकास पर उठाए सवाल, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने किया पलटवार
पुलिस के अनुसार पिछले सप्ताह बुधवार 10 फरवरी को दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए झगड़े में रिंकू शर्मा को लोगों के एक समूह ने चाकुओं से गोद डाला था। उनकी मौत का मामला उस वक्त गरमा गया जब रिंकू के भाई ने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा मांगने को लेकर रिंकू की हत्या की गई है।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने हत्या के लिए किसी भी सांप्रदायिक एंगल से इनकार किया है और कहा कि जन्मदिन की पार्टी में लड़ाई एक व्यावसायिक लेनदेन के कारण हुई थी।