केजरीवाल को कोर्ट की चेतावनी, 24 मई को पेश हो वरना होगी कार्रवाई

कोर्ट ने केजरीवाल को सिर्फ चेतावनी दी है जबकि मनीष सिसोदिया, शाजिया इल्मी और प्रशांत भूषण पर 2500-2500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। आम के इन चारों सदस्यों के खिलाफ एक मानहानि का मुकदमा चल रहा है। मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट सुनील कुमार शर्मा ने अगली तारीख 24 मई की दी और आदेश जारी करते हुए कहा है कि केजरीवाल सुनिश्चित करें कि अगली तारीख पर सभी हाजिर हों, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल और अन्य लोगों पर केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के बेटे अमित सिब्बल ने मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अरविंद केजरीवाल ने अमित सिब्बल पर टेलिकॉम कंपनी वोडाफोन के वकील के तौर पर पेश होकर हितों के टकराव का आरोप लगाया था। जिसके बाद उनपर मानहानि का मुकदमा दायर किया गया था।
कोर्ट ने चारों आरोपियों की हाजिर होने से राहत देने की अर्जी को इजाजत दे दी। इसका आधार चुनाव प्रचार को बनाया गया है। लेकिन उन्हें कोर्ट की अगली तारिख यानी की 24 मई को हर हाल में पेश होने का आदेश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications