अमित शाह या राहुल गांधी नहीं, देश में सबसे ज्यादा वोटों से जीते हैं ये कैंडिडेट, टॉप-10 में सभी भाजपाई
Lok sabha election result 2019 News, नई दिल्ली। 17वीं लोकसभा के चुनाव में सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से जीतने वाले टॉप-10 उम्मीदवारों में सभी भाजपा के ही हैं। गुजरात की नवसारी लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी सीआर पाटिल ने देश में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। यहां पाटिल को कांग्रेस के पटेल धर्मेशभाई भीमभाई से 6,89,668 वोट ज्यादा मिले। चुनाव आयोग के मुताबिक, नवसारी में कुल 13,08,018 वोट पड़े। जिनमें से 9,72,739 वोट अकेले सीआर पाटिल को मिले, जो कि कुल पड़े वोटों का 74.37% है। वर्ष 2014 के चुनाव में पाटिल इसी सीट पर 5,58,116 वोटों के अंतर से जीते थे। पाटिल के बाद हरियाणा के दो उम्मीदवार, सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वालों में क्रमश दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे हैं।
सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से जीतने 3 गुजराती, 2 हरियाणवी सांसद
देश में दूसरी सबसे बड़ी जीत हरियाणा की करनाल लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया (भाजपा के प्रदेश महामंत्री) ने दर्ज की। भाटिया ने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 6 लाख 56 हजार 142 वोटों से हराया। भाटिया को कुल पड़े मतदान का 70.08% मिला, उनको मिले वोटों की संख्या 9,09,432 है। हरियाणा की ही फरीदाबाद सीट पर कृष्णपाल गुर्जर ने तीसरी बड़ी जीत दर्ज की। वे अपने कांग्रेसी प्रतिद्वंदी अवतार सिंह भड़ाना से 6,11,669 वोटों से जीते।
इस बार टॉप-10 में शामिल नहीं हो पाए मोदी
वहीं, वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4,79,505 वोटों से जीते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी की शालिनी यादव को हराया। मोदी को इस बार कुल 6,74,664 वोट मिले। जो कि वाराणसी में पड़े कुल वोटों 10,60,476 का 60% से भी ज्यादा है। मगर, इसके बावजूद मोदी की जीत का अंतर टॉप-10 में शामिल नहीं हो पाया है। वर्ष 2014 में मोदी ने केजरीवाल को 3.71 लाख वोटों से मात दी थी।
पढ़ें: गुजरात में भाजपा ने 25 सीटों पर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा, कुल 26 में से 24 सांसद हैं करोड़पति
शाह ने गुजरात में तीसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की
गुजरात में गांधीनगर सीट से पहली बार लोकसभा चुनाव लड़े भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 55,70,14 वोटों के अंतर से जीते हैं। उन्हें कुल 88,99,25 वोट मिले हैं। शाह की ये जीत देश में 8वीं सबसे बड़ी और गुजरात में तीसरी सबसे बड़ी जीत है। पिछली बार इस सीट से खड़े लालकृष्ण अडवाणी 4.83 लाख वोट के अंतर से जीते थे। इस बार शाह ने आडवाणी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शाह के बारे में यह दिलचस्प है कि वे अब तक 29 चुनाव लड़ चुके हैं, मगर एक भी नहीं हारे।
राहुल गांधी की जीत का मार्जिन अमित शाह के मुकाबले कम
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी में हार गए। उन्हें केरल के वायनाड में 70,50,34 वोट मिले हैं। वायनाड सीट पर राहुल की 43,10,63 वोटों से जीत हुई। इस तरह अमित शाह के मुकाबले राहुल गांधी की जीत का मार्जिन कम रह गया। हालांकि, ये दोनों प्रत्याशी टॉप-5 प्रत्याशियों में नहीं हैं। राहुल गांधी तो टॉप-15 में भी जगह नहीं बना सके।
ये हैं टॉप-10 की सूची के अन्य उम्मीदवार
सीआर पाटिल, संजय भाटिया और कृष्णपाल गुर्जर के अलावा सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों में राजस्थान की भीलवाड़ा सीट से सुभाष चंद्र चौथे नंबर पर आए हैं। उन्होंने कांग्रेस के रामपाल शर्मा को 6.12 लाख वोटों से हराया। सुभाष को कुल 9.38 लाख वोट मिले हैं। गुजरात में वडोदरा सीट पर 5.89 लाख वोटों से जीती रंजनबेन भट पांचवे नंबर पर रहीं। 6वां स्थान ईस्ट दिल्ली के भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा का रहा है, जो कि 5.78 लाख वोटों से जीते हैं। 7वें नंबर पर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ सीट के भाजपा प्रत्याशी सीपी जोशी हैं, जो 5.76 लाख वोटों से जीते। अमित शाह सूची में 8वें नंबर पर आए हैं। 9वें नंबर पर नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से हंसराज हंस आए हैं, उन्होंने आप के गुगन सिंह को 5.53 लाख वोटों से हराया है।
पाटिल की जीत ने गुजरात में बनाया रिकॉर्ड
6.9 लाख वोटों से जीते सीआर पाटिल की जीत गुजरात राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। राज्य में स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पाटिल जितने वोट नहीं ले पाए थे। 2014 के चुनाव में वडोदरा में मोदी 5.7 लाख वोटों से जीते थे। पाटिल को मिले कुल वोटों की संख्या भी राज्य में सबसे ज्यादा रही है।
पढ़ें: संसद में इस बार 6 महिला सांसद करेंगी गुजरात का प्रतिनिधित्व, जानिए अब तक कितनी पहुंचीं लोकसभा