OMG! एम्स के इमरजेंसी नंबर पर हो रही है भागवत और सत्संग की बुकिंग
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। अगर आपके किसी करीबी की हालत नाजुक है और उसे जल्द से ऑपरेशन की जरुरत है। डॉक्टरों ने उसे देश के जाने-माने अस्पताल ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) के लिए रेफर कर दिया है। तो गलती से भी ऑपरेशन थिएटर के लिए दिए गये इमरजेंसी नंबर पर डायल ना करें क्योंकि आपको वहां से कोई डॉक्टरी मदद नहीं मिलेगी और शायद आप अपने करीबी को खो दें। जी हां जो बात हम आपको बताने जा रहे हैं वो हैरान करने वाला है।

एम्स के ऑपरेशन थिएटर में इमरजेंसी कॉल्स के लिए जो नंबर दिए गये हैं उनका प्रयोग सत्संग और अन्य धार्मिक कार्यों के लिए पैसा जुटाने में किया जा रहा है। इतना ही नहीं सत्संग का अयोजन एम्स के परिसर में ही कराया जा रहा है। जो सबसे अहम बात है वो ये है कि दिल्ली को सुधारने का दावा करने वाले आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के कई नेता इन कार्यक्रमों में वोटों के लिए हाजिरी लगा रहे हैं।
टेलीफोन डायरेक्टरी में एम्स के दो कर्मचारियों का है ये नंबर
जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक पिछले साल दिसंबर और इस साल जनवरी की शुरुआत में एम्स के परिसर आर्युविज्ञान नगर में भागवत कथा का आयोजन किया गया था। कथा का पाठ पंडित राकेश जी दिवाकर ने किया था। उस वक्त भागवत के संबंध में जो पोस्टर लगे थे उनमें पंडित जी के नाम और फोटो के साथ दो नंबर 9868398148, 9868397072 दिए गये थे। एम्स के टेलीफोन डायरेक्टरी के मुताबिक ये नंबर एम्स के ही दो कर्मचारी विजय सिंह और नवनीत सिंह के नाम पर है।
चुनाव प्रचार का नायाब प्लेटफार्म बन गया है भागवत और सत्संग
एक निजी न्यूज चैनल ने जब इन दोनों फोन नंबरों को डायल किया तो जिस व्यक्ति ने उधर से फोन उठाया उसने आयुर्विज्ञान नगर में कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही और फीस भी बताई। भारतीय जनता पार्टी की नेता शिखा राय ने इस संबंध में बताया कि जब आयुर्विज्ञान नगर में ग्राउंड खाली होता है तो हमारे जानकार हमें इसकी सूचना देते हैं।
हम प्रयास करते हैं कि इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग आएं, जिससे कि हमारा चुनाव प्रचार भी बेहतर तरीके से हो सके। उल्लेखनीय है कि आयुर्विज्ञान नगर में आयोजित कार्यकमों में बीजेपी नेता ही नहीं, कांग्रेस पार्षद अभिषेक दत्त और आप नेता मदनलाल भी शामिल हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications