Muzaffarnagar News : पुरकाजी में कांवड़ पर थूकने की घटना से भड़के श्रद्धालु, पुलिस की सक्रियता से टला टकराव
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र में सोमवार सुबह कांवड़ यात्रा के दौरान एक घटना ने माहौल को अचानक तनावपूर्ण बना दिया। हरिद्वार से लौट रहे दो कांवड़ियों की कावड़ पर एक शख्स ने थूक दिया। घटना के बाद श्रद्धालु नाराज हो गए।
घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मोदीनगर के निवासी अंशुल शर्मा और उनकी बहन मुस्कान थोड़ी देर के लिए पुरकाजी में रुके थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उनके कावड़ पर थूक दिया, जिससे श्रद्धालु आक्रोशित हो उठे।

कांवड़ पर थूके जाने ने की सूचना आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों तक पहुंचते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होने लगी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची।
आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं
घटनास्थल पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष जयवीर सिंह ने वहां पर मौजूद श्रद्धालुओं को काफी देर तक समझाया और श्रद्धालुओं के आक्रोश को शांत करने का प्रयास किया। क्षतिग्रस्त कांवड़ को थाने में सुरक्षित रखवा दिया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला की कांवड़ पर थूकने वाला युवक बोलने में असमर्थ है और उसकी मानसिक स्थिति भी असामान्य है। युवक की पहचान उस्मान के रूप में की गई है, जो घटना के तुरंत बाद फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
श्रद्धालुओं को भेजा गया दोबारा हरिद्वार
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए पुलिस ने कांवड़ यात्रियों की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की। अंशुल और मुस्कान को एक सिपाही के साथ दोबारा हरिद्वार भेजा गया ताकि वे यात्रा फिर से शुरू कर सकें।
इस बारे में थानाध्यक्ष जयवीर सिंह ने मीडिया को बताया कि मामला संवेदनशील था लेकिन समय पर कार्रवाई से स्थिति काबू में आ गई। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की धार्मिक भावना का सम्मान करते हुए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की गई।












Click it and Unblock the Notifications