'माथे पर मारेंगे अगली गोली', मुजफ्फरनगर में BJP नेता के होटल पर फायरिंग, बदमाशों ने दी धमकी
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बदमाशों ने भाजपा नेता के होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। इस दौरान बदमाशों ने धमकी भी दी है। दिन दहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। यह घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के संगम होटल की बताई जा रही है।
संगम होटल दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर स्थित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा नेता नीतीश मलिक के संगम होटल पर फायरिंग की यह घटना शुक्रवार 28 मार्च की देर रात हुई है। स्कॉर्पियों सवार बदमाश शराब के नशे में धुत थे। खबर के मुताबिक बदमाशों ने होटल में मौजूद कर्मचारियों से बदतमीती की।

जब कर्मचारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो बदमाशों ने चाकू निकाल लिया और किचन तक उनका पीछा किया। हालांकि, कुछ लोगों ने उन्हें समझा-बुझाकर वहां से वापस भेज दिया। लेकिन, कुछ घंटों के बाद करीब 2 बजे स्कॉर्पियो सवार बदमाश फिर से होटल पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग की।
ऐसा बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाले लोगों ने अपने मुंह रुमाल से ढके हुए थे। फायरिंग करने वाले बदमाश धमकी देकर गए है कि जब नीतीश मलिक आए तो बता देना कि अगली गोली उसके माथे पर ही मारी जाएगी। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
इस वीडियो में बदमाश होटल मालिक को धमकी देते हुए नजर आ रहे है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। हमलावर कौन थे? उनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस अधिकारी इस पूरे मामले में जांच करने की बात कह रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस बाबत नई मंडी क्षेत्र की सीओ रुपाली राव ने बताया कि एक होटल पर बदमाशों द्वारा फायरिंग करने की सूचना मिली है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच पड़ताल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications