विकास फाटक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, छात्रों को उकसाने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
मुंबई, फरवरी 05। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्स बिग बॉस कंटेस्टेंट विकास फाटक की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। दरअसल, छात्रों को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार हुए विकास फाटक उर्फ 'हिंदुस्तानी भाऊ' को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शनिवार को उन्हें मुंबई पुलिस ने बांद्रा स्थित मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश किया था।

क्यों हुई थी गिरफ्तारी?
आपको बता दें कि विकास फाटक को 10वीं और 12वीं के छात्रों को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 1 फरवरी को उनकी गिरफ्तारी हुई थी। 42 वर्षीय विकास फाटक पर आरोप है कि उन्होंने 24 जनवरी को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वो 10वीं और 12वीं के छात्रों को ये कहकर उकसाने की कोशिश कर रहे थे कि जब सरकार ने कोरोना काल में घरों में हमें बंद कर ऑनलाइन पढ़ाई कराई है तो फिर बोर्ड परीक्षा क्यों ऑफलाइन होंगी।
31 जनवरी को सड़कों पर उतर आए थे सैंकड़ों छात्र
कथित तौर पर विकास फाटक के इस वीडियो को देखने के बाद 31 जनवरी को मुंबई के धारावी सहित अलग-अलग जगहों पर 10वीं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सैंकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए थे और ऑफलाइन परीक्षा को लेकर प्रोटेस्ट किया था। इसके बाद हिंदुस्तान भाऊ के खिलाफ FIR दर्ज की गई और उन्हें 1 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं में केस हुए दर्ज
हिंदुस्तानी भाऊ पर आईपीसी की धारा 353, 332, 427, 109, 114, 143,146, 147, 149 और दंगे भड़काने सहित आईपीसी की धारा 188, 269, 270 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
2019 से फेमस हुए विकास फाटक
आपको बता दें कि हिंदुस्तानी भाऊ 2019 में बिग बॉस के कंटेस्टेंट रह चुके हैं और उसी साल से यूट्यूब पर वीडियो बनाकर फेमस हुए हैं। वो अपनी वीडियोज में अब्यूज लैंग्वेज का भी इस्तेमाल करते हैं। पुलवामा हमले के बाद का उनका वीडियो उस साल का सबसे अधिक शेयर किया जाने वाला वीडियो बना था।












Click it and Unblock the Notifications