मुंबई: बिल्डिंग गिरने से 2 की मौत, 6 घायल, कइयों के फंसने की आशंका
भिवंडी। रविवार की सुबह मुंबई के भिवंडी में एक दोमंजिला इमारत के गिरने से 2 लोगों के मरने और 6 के घायल होने की खबर है। इस इलाके में एक हफ्ते के अंदर बिल्डिंग गिरने की यह दूसरी घटना है। अभी मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव का काम चल रहा है।

घटना के बारे में बताते हुए अधिकारियों ने दावा किया है कि कल्याण रोड पर हनुमान टेकड़ी इलाके में स्थित यह बिल्डिंग जर्जर हालत में थी और इसे खाली करने के लिए रह रहे लोगों को नोटिस भी भेजा गया था।
कइयों के मलबे में फंसे होने की संभावना
मलबे के अंदर से 8 लोगों को घायल अवस्था में निकाला गया। घायलों में बिल्डिंग के मालिक 55 साल के सज्जनलाल महादेव गुप्ता और उनकी पत्नी सत्यवती सज्जन गुप्ता की हालत गंभीर थी जिनकी बाद में हॉस्पिटल में मौत हो गई।
बिल्डिंग के मलबे में फिलहाल कम से कम 7-8 और लोगों के फंसे होने की संभावना जताई जा रही है।
राहत और बचाव काम जारी
ठाणे महानगरपालिका के अधिकारी संतोष कदम ने पीटीआई से कहा कि घटना की खबर मिलते ही ठाणे और कल्याण से आपदा नियंत्रण टीमें यहां पहुंचीं। स्थानीय फायरमैन तुरंत राहत और बचाव के काम में जुट गए। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) को भी आने के लिए कहा गया है।
भिवंडी के तहसीलदार के अनुसार, यह बिल्डिंग बहुत ज्यादा पुरानी थी और इसे खतरनाक बिल्डिंग की सूची में रखा गया था।
कुछ दिन पहले ही गिरी थी एक और बिल्डिंग
इससे पहले भिवंडी इलाके में ही 31 जुलाई को भारी बारिश के बीच दोमंजिला इमारत गिरी जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications