मुंबई को मिलेगा तीसरा एयरपोर्ट टर्मिनल, कल्याण में बनाने की तैयारी
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार मुंबई में तीसरा एयरपोर्ट टर्मिनल बनाने की तैयारी में है। इसके लिए कल्याण के 730 हेक्टेयर के खाली पड़े मैदान और हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के तौर पर डेवलप करने के बारे में सरकार प्लान बना रही है।

एयर ट्रैफिक को संभाल नहीं पा रहे हैं दो एयरपोर्ट टर्मिनल
कल्याण में एयपोर्ट बनाने के बारे में इसलिए सोचा रहा है क्योंकि मुंबई में सांताक्रुज और सहर रोड स्थित एयरपोर्ट पर अगर ज्यादा एयर ट्रैफिक आ जाए तो दिक्कत होने लगती है। जब तक 2020 तक नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट नहीं बन जाता तब तक एयर ट्रैफिक को संभालने के लिए नए विकल्प की जरूरत है।
जुहू में है एक एयरोड्राम
मुंबई के जुहू में एक एयरोड्राम है लेकिन यह सिर्फ हेलिकॉप्टर्स और चार्टर्ड विमानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसे पैसेंजर फ्लाइट्स के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता क्योंकि इसका आकार बहुत छोटा है।
50 नए एयरपोर्ट बनाने की केंद्र सरकार की योजना
केंद्र सरकार अगले तीन सालों में छोटे शहरों में 50 नए एयरपोर्ट बनाने की प्लानिंग कर रही है ताकि क्षेत्रीय उड्डयन को बढ़ावा दिया जा सके। जब इन रीजनल एयरपोर्ट्स को चालू किया जाएगा तब मुंबई के एयरपोर्ट्स पर लोड और बढ़ेगा।
इसलिए महाराष्ट्र सरकार नए एयरपोर्ट की तैयारी में
भविष्य को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने एक और एयरपोर्ट बनाने के बारे में सोचना शुरू कर दिया है। फिलहाल मुंबई के एयरपोर्ट्स सालाना लगभग चार करोड़ यात्रियों का बोझ संभालते हैं।
कल्याण में है द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बनी हवाई पट्टी
नया एयरपोर्ट कल्याण में बनाने की बात हो रही है। यहां द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बनाई गई एक हवाई पट्टी है जिसका इस्तेमाल बंद है। महाराष्ट्र के चीफ सेक्रेटरी स्वाधीन क्षत्रिय का कहना है कि छोटे शहरों में एयरपोर्ट बनने के बाद मुंबई में एयर ट्रैफिक बढ़ेगा इसलिए नए एयरपोर्ट की बहुत जरूरत है। कल्याण से घरेलू विमानों के आवागमन को संभाला जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications