मुंबई: बकरी बांधने को लेकर हुए झगड़े में 7 साल के बच्चे को जिंदा जलाया
Mumbai news, मुंबई। महाराष्ट्र के वसई में महज एक बकरी बांधने को लेकर विवाद के चलते सात साल के बच्चे को जिंदा जला दिया। यह घटना नालासोपारा में घटी। इस घटना में बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
नालासोपारा के संतोष भवन में इजहार कुरैशी अपने तीन बच्चों के साथ रहता है। मजदूरी कर वह अपना घर चलता है। एक पहचान वाले की बकरी को वो अपने घर के सामने बांधता था, इस बात को लेकर उसका पड़ोसी से झगड़ा हुआ था।
बकरी को लेकर झगड़ा इतना बढ़ा कि अलोक श्रीवास्तव और अजय श्रीवास्तव ने आंगन में खेलते 7 साल के फैजान को जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में बच्चे को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। मौत से पहले फैजान ने पुलिस को बताया था कि दोनों आरोपियों ने उसे जलाया। तुलीज़ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डेनियल बेन ने इस मामले की जानकारी दी।