अलग-थलग पड़ने पर अपने ही बयान से पलटे नाना पटोले, कहा- जमीन खिसकने वाला बयान बीजेपी के संदर्भ में दिया था
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को अपने ही बयान लेकर सफाई देनी पड़ी है। बता दें कि नाना पटोले ने एक दिन पहले मुंबई के लोनावाला में कहा था कि महाराष्ट्र सरकार उनकी जासूसी करवा रही है।
मुंबई, 13 जुलाई। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को अपने ही बयान लेकर सफाई देनी पड़ी है। बता दें कि नाना पटोले ने एक दिन पहले मुंबई के लोनावाला में कहा था कि महाराष्ट्र सरकार उनकी जासूसी करवा रही है। वे क्या करते हैं, कहां जाते हैं। इन सब बातों की जानकारी सुबह 9 बजे सीएम ठाकरे और डिप्टी सीएम अजित पवार को दे दी जाती है। उन्होंने कहा था कि खुफिया विभाग के जरिए उनपर नजर रखी जा रही है। उन्होंने आगे कहा था कि कांग्रेस ने जब से अकेले चुनाव लड़ने की बात की है, सीएम और डिप्टी सीएम के पौरों तले की रेत खिसकने लगी है। अपनी इस बयानबाजी पर जब उन्हें अपनी ही पार्टी के नेताओं का साथ नहीं मिला तो उन्हें सफाई देनी पड़ी।
Recommended Video

अपने बयान पर यूटर्न लेते हुए नाना पटोले ने कहा कि उनका यह मतलब नहीं था कि राज्य की खुफिया मशीनरी उन पर नजर रख रही थी। उन्होंने आगे कहा कि पैरों तले जमीन खिसकने वाली बात उन्होंने महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (महाराष्ट्र सरकार) के लिए नहीं बल्कि भाजपा के संदर्भ में कही थी। दिलचस्प बात ये है कि लोनावाला में नाना पटोले ने जो बयान दिया उस पर उन्हें कांग्रेस पार्टी का ही साथ नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के चंद्रपुर में जनरेटर ब्लास्ट में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 1 घायल
पटोले के बयान पर क्या बोले नवाब मलिक
नवाब पटोले के बयान पर एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने सफाई देते हुए कहा कि सरकार में जो भी महत्वपूर्ण लोग होते हैं सुरक्षा के लिहाज से उनके बारे में जानकारी रखी जाती है। अगर नाना पटोले सुरक्षा नहीं चाहते तो सरकार को बता दें। वहीं, एनसीपी चीफ शरद पवार ने कहा कि वो छोटे आदमी हैं और ऐसा कहकर उन्होंने कुछ और कहने से इंकार कर दिया।
कांग्रेस का भी नहीं मिला साथ
हैरानी की बात ये है कि महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष को अपने बयान पर अपनी ही पार्टी के नेताओं का साथ नहीं मिला। महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने पटोले का समर्थन करने के बजाय शरद पवार को ही देश का बड़ा नेता करार दिया। हारकर नाना पटोले को अपने बयान पर यूटर्न लेना पड़ा।
मराठा आरक्षण पर क्या बोले पटोले
मराठा आरक्षण को लेकर नाना पटोले ने कहा कि, 'हमने मराठा और ओबीसी आरक्षण के मुद्दों पर चर्चा की। हमारे नेता इस मुद्दे पर शरद पवार और सीएम उद्धव ठाकरे से मिलेंगे और इन समुदायों को आरक्षण देने के लिए आवश्यक डेटा प्रदान करने के लिए केंद्र से हमारी मांग को आगे बढ़ाएंगे।'












Click it and Unblock the Notifications