डांटने पर मां की हत्या करने वाला आरोपी बेटा गिरफ्तार, कबूला अपना गुनाह
पुलिस ने बताया कि अपनी मां की हत्या के आरोप में 21 वर्षीय सिद्धांत गनोरे को पुलिस ने जोधपुर शहर से गिरफ्तार किया। सिद्धांत यहां रेलवे स्टेशन के पास मौजूद एक होटल में ठहरा हुआ था।
मुंबई। हाईप्रोफाइल शीना बोरा हत्याकांड की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी ज्ञानेश्वर गनोरे की पत्नी की हत्या करके फरार उनके बेटे को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के आरोपी बेटे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 21 वर्षीय इस बेटे ने केवल अपनी मां की हत्या ही नहीं की थी बल्कि उनके खून से स्माइली भी बनाई थी। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस अधिकारी ज्ञानेश्वर गनोरे अपने घर पहुंचे।

मां की हत्या के बाद उनके खून से बनाई थी स्माइली
पुलिस ने बताया कि अपनी मां की हत्या के आरोप में 21 वर्षीय सिद्धांत गनोरे को पुलिस ने जोधपुर शहर से गिरफ्तार किया। सिद्धांत यहां रेलवे स्टेशन के पास मौजूद एक होटल में ठहरा हुआ था। सिद्धांत सांताक्रूज में स्थित घर पर अपनी 42 वर्षीय मां दिपाली की हत्या करके फरार हुआ था। मुंबई पुलिस के निर्देश पर जोधपुर पुलिस ने सिद्धांत गनोरे को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सिद्धांत ने बताया कि उसकी मां अकसर उससे गुस्सा किया करती थी। उसे पॉकेट मनी भी नहीं देती थी। इंटरनेट के इस्तेमाल पर भी पाबंदी लगा दी थी। इससे सिद्धांत बहुत परेशान हो गया था। आखिरकार मंगलवार रात मौका मिलते ही सिद्धांत ने अपनी मां दिपाली पर चाकू से कई वार करके उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी बेटे ने मां के खून से फर्श पर अंग्रेजी से दो लाइनों का एक मैसेज़ लिखा। बेटे ने लिखा, उनसे (मां से) परेशान हूं। (मुझे) पकड़ो और लटका दो।' इस मैसेज़ के साथ खून से ही उसने एक स्माइली भी बनाई थी। बता दें कि सिद्धांत बीएससी (फर्स्ट इयर) का स्टूडेंट है और एक साल पहले फेल हो चुका है। फेल होने के बाद उसकी मां हमेशा उसे पढ़ाई में मन लगाने की बात कहती थी। जिससे वो काफी परेशान था आखिरकार उसने ये कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications