मुरादाबाद: COVID-19 से एएनएम समेत दो की मौत, जिले में 67 एक्टिव केस
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। बीते 24 घंटे में मुरादाबाद जिले में डॉक्टर-रिटायर्ड एएनएम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सभी तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में भर्ती थे। तीन लोगों की मौत के बाद अब उनके परिजनों को भी क्वारंटाइन किया गया है। बता दें, कोविड-19 संक्रमण से मुरादाबाद में अब तक मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात को मुरादाबाद की गोविंद नगर निवासी रिटायर्ड एएनएम शीला (63) ने भी दम तोड़ दिया। उनकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। गोविंदपुरी निवासी शीला को बीते 9 अप्रैल को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। शीला की कोई ट्रेवल हिस्ट्री न मिलने से जिले के डॉक्टर हैरत में हैं। उधर, रविवार देर रात को ही रामपुर के टांडा निवासी 65 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। उनके शव को टीएमयू में ही संरक्षित करके रखा गया था। सोमवार की देर रात उनकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
रामपुर के टांडा में क्वारंटाइन उनके बेटे की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे जौहर यूनिवर्सिटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के संपर्क में आए 24 लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं जबकि 23 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इससे पहले रविवार को ताजपुर सीएचसी में तैनात डॉक्टर निजामुद्दीन की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी। आठ दिन पहले ही उनकी पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी और वे तभी से आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थे। 35 साल के निजामुद्दीन की मौत के बाद अब उनके परिवार के पांच लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।
लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना पॉजिटिव केस
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को 58 संदिग्धों की रिपोर्ट आई, जिसमें से 15 लोग संक्रमित पाए गए। इसी के साथ जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब 73 हो गई है। ज्यादातर मरीज कोरोना हॉटस्पॉट वाले इलाकों से हैं। अभी तक मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज किया जा चुका है जबकि पांच की मौत हो चुकी है। अभी 67 एक्टिव मामले हैं।












Click it and Unblock the Notifications