नशीला पदार्थ खिलाकर लूटती थी ये दुल्हन, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और जेवर समेटकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे बरेली के बहेड़ी से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसके अलावा एक और युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, मामला मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरथला कालोनी का है। वीरू ने अपने बेटे संजय की शादी सम्भल के एक रिश्तेदार के जरिए पूजा नाम की लड़की से तय कर दी। खुद को दुल्हन की मौसी बताने वाली महिला ने लड़की के बदले संजय के पिता से 35 हजार रुपये लिए। झांझनपुर के मंदिर में विधि विधान से शादी हुई। दुल्हन के साथ उसकी कथित मौसी भी ससुराल आ गई। शादी के अगले ही दिन 22 जुलाई की रात को दुल्हन ने सभी को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया।
परिजनों के बेहोश होने के बाद दुल्हन और उसकी मौसी घर में रखी 16 हजार की नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई थी। संजय के भाई प्रदीप ने परिवार के सभी लोगों को बेहोशी ही हालत में पड़ा देखा तो हैरान रह गया। चौकी इंचार्ज हरथला वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि लुटेरी दुल्हन और एक अन्य युवती को हिरासत में लिया गया है। आरोपित दुल्हन ने बताया कि उसकी शादी मुंह बोली मौसी के मिलने वाले ठेकेदार ने कराई थी। वह बरेली के बहेड़ी की रहने वाली है।
ये भी पढ़ें:- चिन्मयानंद मामला: 6 दिन बाद पुलिस ने सील किया छात्रा के हॉस्टल का कमरा