Moradabad Eid Namaz: ईद की खुशियों में आई रुकावट के बाद हंगामा, लेकिन सूझबूझ से हुआ समाधान
Moradabad Eid Namaz: ईद की नमाज को लेकर मुरादाबाद में बड़ा हंगामा हो गया। ईदगाह जाने से रोके जाने पर नमाजियों ने विरोध जताया और पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ते देख प्रशासन तुरंत हरकत में आया और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
मामला तब बढ़ा जब नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह पहुंचे लोगों को पुलिस ने बैरियर लगाकर रोक दिया। पुलिस का कहना था कि सुरक्षा कारणों से भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा था, क्योंकि ईदगाह पहले से ही पूरी तरह भर चुका था। हालांकि, भीड़ इस बात को मानने को तैयार नहीं थी और विरोध शुरू हो गया।

स्थिति को शांत करने के लिए प्रशासन ने तुरंत फैसला लिया और अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल और जिलाधिकारी अनुज सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की।
इसके बाद प्रशासन ने दोबारा नमाज अदा करवाने की अनुमति दी, जिसके बाद माहौल शांत हुआ। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह दी।
ड्रोन से रखी जा रही नजर
ईद के मौके पर मुरादाबाद प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही थी। छतों से लेकर सड़कों तक पुलिस बल तैनात था ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। संभल और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की जा रही है।
रूट डायवर्जन से शहर में बदली ट्रैफिक व्यवस्था
ईद की नमाज को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी रूट डायवर्जन लागू किया। सोमवार सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। ईदगाह रोड और आसपास की सड़कों पर भी यातायात को सीमित कर दिया गया। पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों को रोक दिया, जिससे लोग पैदल ही ईदगाह की ओर बढ़ सके।
एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि रूट डायवर्जन को सख्ती से लागू किया गया है। दोपहर 12 बजे के बाद ही यातायात सामान्य किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें।












Click it and Unblock the Notifications