मूसलाधार बारिश से यूपी में ढही मकान की छत, पूरा परिवार दबा, 2 बच्चों की लाशें मिलीं
मुरादाबाद। देर रात तेज़ हवाओं के साथ हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पीतल मज़दूर ज़मीर हुसैन के कच्चे मकान की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसके मलबे में दबकर ज़मीर हुसैन, उनकी पत्नी चमन सहित 5 अन्य परिजन घायल हो गये। आस-पड़ोसियों ने बारिश में ही रात के अंधेरे में मदद कर बा-मुश्किल मलबे से निकाला। सभी को पास में ही निजी अस्पताल में दिखाया गया। जहां एक साल के आमिर व 12 साल की महक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो बच्चों की मौत से अब परिवार में मातम पसर हुआ है।

हादसे की सूचना पर थाना नागफनी पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में मदद कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे के 6 घंटे बाद ज़िला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। अस्पताल में भर्ती घायलों का बेहतर इलाज कराने के लिए प्रशासन की तरफ से हरसंभव मदद दिलाने की बात भी कही गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुरादाबाद में सैकड़ों लोगों को आवास बनाने के लिए सरकार की तरफ से मदद दी गई है। लेकिन उसके बाद भी कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों के साथ आए दिन हो रहे इस तरह के हादसों से सरकार द्वारा मिलने वाली इस मदद पर सवालिया निशान लग गए हैं। या तो ये मदद जरूरतमंद तक पहुंच नहीं रही है या फिर इस मदद को पाने वाले जरूरतमंद ज्यादा हैं और योजना का दायरा सीमित है।












Click it and Unblock the Notifications