मिर्जापुर में बारिश का कहर: छज्जा ढहने से मासूम समेत तीन की मौत, चार लोग घायल
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार रात हुई बारिश कहर बनकर टूटी। यहां लालगंज थाना क्षेत्र के बेलन बरौधा बाजार में एक पुराने मकान का बारजा (छज्जा) गिर गया। बारजा गिर जाने से मलबे में दबकर दो वर्ष की मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों की मदद से मलबे में दबे सभी घायलों को बाहर निकलवाकर सीएचसी लालगंज में इलाज के लिए भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक, लालगंज थाना क्षेत्र के बेलन बरौधा निवासी मुहम्मद हारून रसीद के परिवार के लोग गुरुवार की रात हो रही तेज बारिश के दौरान अपने पक्के मकान के बारजे (छज्जे) के नीचे बैठे थे। उसी दौरान उनके मकान के छत का बारजा भरभराकर ढह गया।
बारजा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। तत्काल इसकी सूचना लालगंज थाने को दी और खुद मलबा हटाने में जुट गए। कुछ देर में ही पुलिस पहुंच गई। बता दें कि तेज बारिश होने के कारण मलबा हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान हादसे में 50 वर्षीय मुन्नी पुत्री स्व. गुलहसन, 55 वर्षीय विल्किस बेगम पत्नी हारून रसीद उर्फ कौसर व दो वर्षीय वानिया पुत्री हिना की मौत हो गई।
हादसे में हारून रसीद की पुत्रियां हिना 24 वर्ष, पलक 17 वर्ष, फरीन 16 वर्ष व पुत्र जैद 15 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी लालगंज, थाना अध्यक्ष लालगंज मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया।