मिर्जापुर: दुकानदार की हत्या कर भाग रहे अपराधी को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला
मिर्जापुर, 22 सितंबर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में दिनदहाड़े एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरा इलाके में स्थित बाजार का है। बताया जा रहा है कि इलाके के दबंग डंकु उर्फ ऋषभ पांडेय ने दुकानदार सत्यम पटेल को दिनदहाड़े गोली मार दी। इसके बाद पास के मकान में छिप गया। सत्यम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, गुस्साई भीड़ ने डंकु को पकड़ लिया और सड़क पर ही पीट-पीट कर मार डाला।

दुकान पर बैठे युवक की गोली मारकर हत्या
मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरा इलाके के बाजार में सत्यम कुमार की दुकान है। जानकारी के मुताबिक, सत्यम जब अपनी दुकान पर बैठा था, तभी ऋषभ पांडेय वहां पहुंच गया। बताया गया कि उस समय दुकानदार सत्यम पटेल अपनी मां के साथ दुकान पर बैठा था। उसी समय बदमाश ऋषभ पांडेय बाइक लेकर दुकान पर पहुंच गया। इससे पहले सत्यम कुछ समझ पाता उसने तमंचे से सत्यम पर गोली चला दी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भीड़ ने बदमाश को पकड़कर उतारा मौत के घाट
सत्यम को गोली मारने के बाद ऋषभ पांडेय भाग कर पास के घर में घुस गया और अंदर से खुद को बंद कर लिया। गुस्साई भीड़ ने उसे पकड़ लिया और पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। एसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि सत्यम पटेल को दो लोगों ने उनके घर के बाहर गोली मार दी। अस्पताल ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक आरोपी को भीड़ ने पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications