सौतेले बेटे ने मां को चाकू घोंपकर मारा, लाश विश्वसुंदरी पुल से गंगा में फेंक दी, 9 दिन बाद खुली कलई
Uttar Pradesh News, मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर में सौतेली मां की हत्या कर फरार हुए एक युवक को उसके साथी सहित पुलिस ने जलालपुर तिराहे के पास से धर दबोचा है। पुलिस को आरोपी युवक से चाकू, खून से सना कपड़ा, बाइक और कार भी बरामद हुए हैं। इस युवक ने सौतेली मां को चाकू घोंपकर मारा था और लाश गंगा में फेंक दी थी।

जायदाद के लिए मां-पुत्र में होता था विवाद
मामला मिर्जापुर जिले में जमालपुर थाना क्षेत्र के गोरखी गांव का है। हत्यारोपी इन दो आरोपियों की पुलिस हफ्तेभर से तलाश कर रही थी। मां की हत्या के पीछे जायदाद का मामला निकला है। बताया जा रहा है कि गोरखी गांव निवासी स्व. सर्वजीत ने पहली पत्नी के मौत के बाद जमालपुर निवासी अजगुत सिंह की पुत्री मुन्नी उर्फ सुनीता देवी से विवाह किया। पहली पत्नी से एक पुत्र रामआसरे पटेल उर्फ गोलू है। दो वर्ष पूर्व सड़क हादसे में 55 वर्षीय सर्वजीत की भी मौत हो गई। बंटवारे के बाद सौतेली मां मुन्नी और रामआसरे अलग रहते थे। पैसे को लेकर दोनों में आए दिन विवाद होता रहता था।
छह जनवरी को मां-पुत्र हुए गायब
छह जनवरी को मुन्नी ओर उसका सौतेला पुत्र गायब हो गया। मुन्नी के पिता अजगुत सिंह ने सौतेले पुत्र पर मुन्नी की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाया। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरु किया। पुलिस ने पुत्र समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुत्र समेत दो गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी सूर्यभान ने जलालपुर तिराहे के पास से हत्यारोपी पुत्र रामआसरे पटेल उर्फ गोलू व उसके साथी सुरेन्द्र सिंह उर्फ नगई निवासी रामलक्ष्मणपुर थाना चकिया जनपद चंदौली को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर हत्यारोपी पुत्र रामआसरे पटेल ने बताया कि जमीन व जायदाद के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी सौतेली माँ की चाकू से मारा था। फिर शव को विश्वसुन्दरी पुल रामनगर वाराणसी से गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट में दोनों आरोपितों को जेल भेजकर फरार चल रहे विकास सिंह, विजय सिंह पकड़ने में लगी है।












Click it and Unblock the Notifications