मिर्जापुर: प्रेमी जोड़े ने एक-दूसरे का गला रेता, नदी किनारे खून से लथपथ पड़े मिले दोनों
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने धारदार हथियार से एक-दूसरे का गला रेतकर जान देने की कोशिश की। नदी में नहाने पहुंची महिलाओं ने दोनों को तड़पते देखा तो शोर मचाया। गंभीर हालत में दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत अस्थिर होने पर उसे जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महिला एक बच्चे की मां, युवक तीन बच्चों का हैं पिता
जानकारी के अनुसार, मामला मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में केड़वर गांव स्थित बेलन नदी का है। हलिया थाना क्षेत्र के केड़वर गांव निवासी 25 वर्षीय महिला एक बच्चे की मां है। उसी गांव का एक 35 वर्षीय युवक तीन बच्चों का पिता है। विवाहिता का पति पांच वर्ष से गांव से बाहर रह कर कार्य करता है। दोनों शादीशुदा युवक-महिला में प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिवार ने ऐतराज जताया। कई बार दोनों को मना किया पर दोनों नहीं माने।
नदी किनारे जाकर आत्महत्या की कोशिश
परिजनों के ऐतराज पर शनिवार को दोनों फोन पर बात करने के बाद नदी के किनारे पहुंच गए। वहां दोनों आपस में धारदार हथियार से एक दूसरे का गला रेतने लगे। जैसे ही दोनों का आधा गला कटा। दोनों अचेत अवस्था में हो गए और जमीन पर गिर कर तड़पाने लगे। सुबह 10 बजे गांव की जब महिलाएं बेलन नदी के किनारे स्नान करने पहुंची तो दोनों तड़प रहे थे। महिलाओं ने दोनों के परिजनों को सूचना दी। विवाहिता के परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले आए।
दोनों की हालत गम्भीर, रेफर
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अभिषेक जायसवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद युवती को मण्डलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, युवक को उपचार के लिए परिजन दूसरी जगह ले गए। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दें कि दोनों परिवार के लोग मजदूरी करके जीवनयापन करते हैं। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि दोनों प्रेम संबंध थे। परिजनों के ऐतराज करने पर गला रेत कर जान देने की कोशिश की।