शादी में शामिल होने Prayagraj से Mirzapur आई युवती ने खुद रचाई शादी, ऐसी love story जिसे सुन हैरान रह गए लोग
बुआ के घर शादी में शामिल होने आई एक युवती गांव के एक युवक को दिल दे बैठी। ऐसे में दोनों की गांव में ही स्थित एक मंदिर में शादी करा दी गई।

Prayagraj की रहने वाली एक युवती Mirzapur में स्थित अपने बुआ के घर एक शादी में शामिल होने के लिए आई थी। इसी दौरान अपने बुआ के गांव में ही रहने वाले एक युवक को वह दिल दे बैठी। युवती शादी करने की जिद पर अड़ गई तो गांव और रिश्तेदारी के लोग भी हैरान रह गए। बाद में युवती और युवक ने मंदिर में सात फेरे लिए। मिर्जापुर में हुई अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी है।

युवती के माता-पिता द्वारा जताई गई नाराजगी
दरअसल, प्रयागराज जनपद के मांडा की रहने वाली अनीता मौर्या नामक एक युवती मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना अंतर्गत बिरोही महडोरा गांव में अपने बुआ के घर शादी में शामिल होने के लिए आई थी। 14 मार्च को युवती मिर्जापुर पहुंची थी और शादी में शामिल होने के बाद 15 मार्च को बुआ के बेटी की विदाई हो गई। शादी संपन्न हो जाने के बाद सभी रिश्तेदार अपने घर जा रहे थे, इसी दौरान अनीता मौर्या अपने बुआ के गांव में ही रहने वाले एक युवक शादी करने की जिद कर बैठी। पहले तो उसके माता-पिता द्वारा उसे समझाया गया। माता पिता ने कहा कि पहले से ही रिश्तेदारी है और ऐसे में यहां शादी नहीं हो सकती है। माता-पिता और परिजनों को समझाने के बाद भी युवती और युवक शादी की जिद पर अड़े रहे। ऐसे में युवती के माता-पिता नाराज होकर अपने घर वापस चले गए।

चाचा-चाची ने किया कन्यादान मंदिर में हुई शादी
बताया जा रहा है कि युवक और युवती शादी की जिद पर अड़े थे, ऐसे में युवक के परिजनों से बातचीत की गई। बातचीत करने के बाद युवक के पिता द्वारा भी शादी के लिए स्वीकृति दी गई। उसके बाद 15 मार्च को ही गांव में स्थित राम जानकी मंदिर में हिंदू रीति रिवाज के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई। इस दौरान लड़की के माता-पिता वहां नहीं थे ऐसे उसके चाचा और चाची द्वारा कन्यादान किया गया। शादी हो जाने के बाद प्यार मुकम्मल होने पर प्रेमी और प्रेमिका काफी खुश नजर आए।
शादी को लेकर चल रही तरह-तरह की चर्चा
बुआ के घर शादी में आई युवती द्वारा शादी की जिद पर अड़ जाना और फिर बाद में शादी हो जाने के चलते गांव में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। कुछ लोगों का कहना है कि रिश्तेदारी में शादी हो जाने के चलते दोनों में आपसी तालमेल भी बना रहेगा। वहीं शादी में दहेज में कोई भी सामग्री नहीं ली गई, ऐसे में दहेज मुक्त शादी संपन्न होने से युवक और युवती के परिजनों में भी खुशी का माहौल है। फिलहाल मंदिर में शादी संपन्न हो जाने के बाद युवती अपने प्रेमी के साथ अपने ससुराल चली गई।












Click it and Unblock the Notifications