मिर्जापुर में गंगा नदी में नहाते समय डूबने लगा भाई, बचाने गई बहन भी डूबी, NDRF कर रही तलाश
Brother and sister drowned in Ganga: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में शनिवार को गंगा नदी में स्नान करते समय दो सगे भाई बहन डूब गए। दोनों भाई बहन परिवार के लोगों के साथ गंगा नदी में स्नान करने के लिए आए हुए थे।
दोनों के डूबने की जानकारी मिलने के बाद जब तक गोताखोर वहां पहुंचकर उन्हें बचा पाते तब तक दोनों गहरे पानी में समा गए थे। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं घटना के समय दोनों के माता-पिता भी मौजूद थे।

बेटा और बेटी के डूबने के बाद माता-पिता गंगा नदी के किनारे ही बेहोश हो गए। जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची उसके बाद गोताखोर और एनडीआरएफ को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद सर्च अभियान शुरू हुआ। काफी देर तक तलाश की गई लेकिन दोनों नहीं मिले।
शादी में शामिल होने के लिए आया था परिवार
बताया जा रहा है कि मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र के रैपुरी गांव का रहने वाला विजय शंकर कनौजिया पुत्र छोटेलाल अपने परिवार के साथ में मुंबई में ही रहता है। विजय परिवार में 23 नवंबर को शादी होनी है। इस शादी में शामिल होने के लिए विजय अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी पुत्र नीरज कुमार और पुत्री नंदिनी के साथ गांव आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि शनिवार को परिवार के सभी लोग बंगला घाट पर स्नान करने के लिए गए थे। स्नान करते समय नीरज कुमार (13) डूबने लगा। इस दौरान स्नान कर रही उसकी बहन नंदिनी (14) उसे बचाने के लिए गई तो वह भी नदी में डूबने लगी।
देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। विजय के दो ही बच्चे थे और दोनों बच्चों के नदी में डूब जाने के चलते विजय और उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय वहां पहुंचे। गोताखोर की मदद से काफी देर तक खोजबीन किया गया लेकिन दोनों का पता नहीं चला। उसके बाद एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई। जिस स्थान पर भाई-बहन डूबे थे, उस स्थान से लेकर कुछ दूर तक सर्च अभियान चलाया गया लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।












Click it and Unblock the Notifications