मिर्जापुर: सेल्फी के चक्कर में नदी में डूबा किशोर, 2 दिन से तलाश में जुटे गोताखोर
मिर्जापुर। खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने के चक्कर में कई घटनाएं हो चुकी है। सरकार ने खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने के लिए रोक भी लगाई है, लेकिन लोग जान जोखिम में डालकर सेल्फी लेते हैं और घटनाएं हो जाती हैं। मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अंतर्गत स्थित टांडा फॉल जलाशय में सेल्फी लेने के चक्कर में एक किशोर डूब गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। दो दिनों तक गोताखोरों की मदद से खोजबीन की गई, लेकिन डूबे किशोर का पता नहीं चल सका है। किशोर के न मिलने से परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल है।
रिश्तेदारों के साथ गया था पिकनिक मनाने
कटरा कोतवाली क्षेत्र के पुरानी दशमी निवासी 15 वर्षीय सूरज पुत्र दशरथ रविवार की शाम को अपने रिश्तेदारों के साथ टांडा फाल में पिकनिक मनाने के लिए गया था। देर शाम को सभी वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे तो सूरत गहरे पानी में जाकर सेल्फी लेने लगा। इस दौरान पैर फिसलने से वह गहरे जल में चला गया। उसे तैरना नहीं आता था, इस कारण वह डूबने लगा। उसके आस-पास कोई मौजूद नहीं था। शोर सुनकर साथ आए लोग बचाने के लिए दौड़े तब तक वह गहरे पानी में डूब गया था।
किशोर का पता नहीं चला, खोजबीन जारी
साथ आए लोगों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर लहंगरपुर चौकी पुलिस के साथ लालगंज थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन की लेकिन किशोर का पता नहीं चला। उधर, किशोर सूरज के डूबने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। जलाशय के पास लोगों की भीड़ जुटी थी।