जेठानी-देवरानी ने पांच पिल्लों के साथ किया अमानवीय कृत्य, एनिमल केयर सोसायटी ने की शिकायत, मामला दर्ज
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के कंकर खेड़ा थाना क्षेत्र के संत नगर कॉलोनी से एक ऐसी अमानवीय और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है जिसे सुनकर आपको भी हैरानी होगी। इस कॉलोनी में दो महिलाओं ने 5 पिल्लों को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं आपस में जेठानी और देवरानी हैं। इस मामले की जानकारी होने के बाद एनिमल केयर सोसाइटी के सचिव अंशुमाली वशिष्ठ द्वारा पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत के बाद आरोपी महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

वहीं महिलाओं द्वारा इस तरीके की हरकत किए जाने के बाद कॉलोनी में लोग इस घटना की चर्चा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि एक महिला होकर मां की ममता को दोनों कैसे भूल गईं और किस तरह कुत्ते के पांच बच्चों को जिंदा जला दिया।
इस मामले में एनिमल केयर सोसाइटी के सचिव अंशुमाली वशिष्ठ द्वारा एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया गया है कि संत नगर कॉलोनी के लोगों द्वारा उनका फोन करके घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि समिति के लोग मौके पर पहुंचे तो कुत्ते के बच्चों को दफना दिया गया था।
उन्होंने यह भी कहा कि यह घटना 5 नवंबर की है। कॉलोनी में रहने वाले लोगों का आरोप है कि कॉलोनी की रहने वाली दो महिलाओं ने ही कुत्ते के पांच बच्चों को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। इस मामले में अंशुमाली वशिष्ठ द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मिट्टी में दबा दिए गए थे शव
बताया जा रहा है कि 7 दिन के कुत्ते के पांच बच्चों को दोनों महिलाओं ने जलाने के बाद मिट्टी में दबा दिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद जब समिति के लोग मौके पर पहुंचे तो उन लोगों ने कुत्ते के बच्चों को मिट्टी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम कराया।
सवा घंटे तक पांचो पिल्लों का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम किए जाने के बाद सभी पिल्लों को पुनः दफना दिया गया। फिलहाल सोसाइटी के सचिव के तहरीर पर शोभा और आरती नमक दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्जी कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications