दर्दनाकः बरात में डांस कर रहे लोगों को दो अनियंत्रित कारों ने रौंदा, तीन की मौत
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में देर रात को बारात में डांस कर रहे बारातियों को अनियंत्रित दो कारों ने रौंद दिया। हादसे के बाद बारातियों में कोहराम मच गया। घटना में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर के भौराकलां का निवासी अंकित इस समय मेरठ की गणेशपुरी में रह रहा है। रविवार को अंकित की शादी विनती के साथ होनी थी। अंकित की बारात दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित दिल्ली 65 मंडप के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात चढ़त के समय सभी बाराती हाईवे स्थित मंडप के बाहर सड़क पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आ रही एक वैगनआर कार और स्विफ्ट कार के बीच भिड़ंत हो गई।
भिड़ंत के बाद बेकाबू हुई दोनों कार डांस कर रहे बारातियों के बीच घुस गईं और कई बारातियों को रौंद डाला। घटना के बाद सड़क पर कोहराम मच गया। हादसे में दूल्हे की बुआ सरोज और चाची ब्रह्मलता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कई मासूमों सहित एक दर्जन से अधिक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के बाद जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया। घायलों में अधिकांश भौराकलां के निवासी हैं। उधर, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक अन्य व्यक्ति की भी सोमवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ितों में कोहराम मचा हुआ है।