Meerut: दिनदहाड़े महिला अधिवक्ता की गोलियों से भूनकर हत्या, घर के दरवाजे पर ही उतारा मौत के घाट
मेरठ में दिनदहाड़े एक महिला अधिवक्ता को उसके घर के बाहर गोलियों से भून दिया गया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने महिला के ससुर को हिरासत में लिया है। वहीं मृतिका का पति से विवाद की बात भी सामने आई है।

मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह दिन निकले बेखौफ हमलावरों ने दूध लेकर वापस लौट रही महिला अधिवक्ता को गोलियों से भून डाला। जिससे महिला अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वकीलों ने कचहरी में कामकाज ठप करते हुए जमकर हंगामा किया। एसएसपी से मिलकर पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। हत्या के पीछे महिला और उसके पति के बीच चल रहे विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घर के दरवाजे पर मारी ताबड़तोड़ गोलियां
जानकारी के मुताबिक टीपी नगर क्षेत्र में शेखो पेट्रोल पंप के पीछे स्थित न्यू मेवला कॉलोनी में रहने वाली अंजली गर्ग पेशे से अधिवक्ता थीं। अंजली मेरठ कचहरी में ही प्रैक्टिस करती थीं। बताया जाता है कि बुधवार की सुबह अंजली दूध लेकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान घर की चौखट पर पहुंचते ही बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर अंजली की हत्या कर दी। सुबह-सुबह गोलियों की आवाज से इलाका दहल उठा।

कचहरी में शोक, सैकड़ों वकील पहुंचे SSP ऑफिस
वहीं आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंजली का खून से लथपथ शव पड़ा देख हड़कंप मच गया। जानकारी के बाद टीपी नगर पुलिस सहित आनन-फानन में आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद वकीलों में आक्रोश फैल गया। कचहरी में शोक सभा करने के बाद मेरठ बार एसोसिएशन के बैनर तले सैकड़ों वकील एसएसपी ऑफिस पहुंचे।

अधिवक्ता ने की थी सुरक्षा की मांग
वकीलों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि महिला अधिवक्ता पिछले पांच महीने से अपनी जान का खतरा बताते हुए अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगा रही थी, लेकिन उसे सुरक्षा नहीं दी गई। वकीलों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, एसएसपी ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।

पति से चल रहा था विवाद
अधिकारियों के मुताबिक अंजली का अपने पति नितिन गर्ग से विवाद चल रहा था। जिसके चलते वह अपने पति से अलग रह रही थीं। कुछ दिनों पहले ही नितिन ने कोर्ट में तलाक का वाद दायर किया था। दंपति के बीच संपत्ति को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने महिला के ससुर को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications