Meerut News: मां-बेटी ने प्रेमियों संग मिलकर रचा कत्ल का खेल, Instagram और WhatsApp से हुआ खुलासा
Meerut News: यूपी के मेरठ जिले के जानी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मेरठ में एक शख्स को उसकी पत्नी और बेटी ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर मरवा दिया। बताया जा रहा है वह अपनी पत्नी और बेटी के प्रेम संबंध में रुकावट बन रहा था।
दरअसल, 23 जून की रात सुभाष खेत पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन घर लौटे नहीं। अगली सुबह उनकी गोली लगी लाश मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरु की गई तो चौकाने वाली बात सामने आई।

पुलिस जांच में पता चला कि कविता के सिसौला निवासी गुलजार से प्रेम संबंध थे और सोनम भी विपिन नाम के युवक से प्रेम करती थी। सुभाष को दोनों रिश्ते मंज़ूर नहीं थे। घर में लगातार विवाद हो रहा था। इसी के चलते मां-बेटी ने मिलकर सुभाष को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
कॉल, चैट और गोली: हत्या की पूरी स्क्रिप्ट
हत्या की पूरी पटकथा पहले से तैयार थी। 23 जून की शाम जब सुभाष खेत की ओर निकले, उसी दौरान कविता और सोनम ने अपने प्रेमियों को इसकी सूचना व्हाट्सएप कॉल से दे दी। विपिन ने अपने दोस्त शिवम उर्फ अजगर को साथ लिया और सुभाष की निगरानी शुरु कर दी।
एक ओर से गुलजार पहले से घात लगाकर बैठा था, वहीं दूसरी ओर से शिवम ने मौके पर पहुंचकर सुभाष को कमर में गोली मार दी। गोली लगते ही सुभाष गिर पड़ा। उसके बाद घटनास्थल से सभी आरोपी फरार हो गए। घायल सुभाष को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान चली गई।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि खुद मृतक की बेटी अपनी मां के कहने पर अपने पिता की हत्या करवा दी। पुलिस के मुताबिक, कविता ने बेटी को समझाया कि अगर वह पिता को रास्ते से हटवाती है तो उसकी शादी विपिन से करवा दी जाएगी।
सोनम ने मां के कहने पर अपने प्रेमी विपिन से बातचीत की और हत्या की रात उसे सारी जानकारी भी दी। व्हाट्सएप कॉल के जरिए खेत पर सुभाष के जाने की सूचना दी गई, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। बाद में सोनम ने इंस्टाग्राम पर प्रेमी को मैसेज भी किया कि उसे पिता को मरवाना नहीं चाहिए था।
सबूतों के साथ पकड़ी गई साजिश
पुलिस ने जांच के दौरान सोनम का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले। इनसे साजिश की पुष्टि हुई। प्रेमी से बातचीत में हत्या को लेकर पछतावे के संदेश मिले। उसके बाद परत दर परत मामला खुल गया।
एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस हत्याकांड में कविता, सोनम, गुलजार, विपिन और शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल हुआ तमंचा और बाइक भी बरामद कर लिए गए हैं। पांचों आरोपियों को जेल भेजा गया है।
मेरठ में प्रेम संबंधों में हो रही हत्याएं बनीं चिंता का विषय
पिछले कुछ महीनों में मेरठ और आसपास के इलाकों में प्रेम संबंधों के कारण एक के बाद एक हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले ब्रह्मपुरी में मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की थी।
इसी तरह फरवरी में जानी क्षेत्र के ही कुसेड़ी गांव में अजय की हत्या उसकी पत्नी संगीता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करवाई थी। कुछ ही हफ्तों बाद अकबरपुर सादात गांव में रविता ने अपने पति अमित की हत्या कर दी और उसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की।












Click it and Unblock the Notifications