गैंग बनाकर दारोगा का बेटा करता है गुंडागर्दी, नाबालिग छात्र को पीटने का वीडियो हुआ वायरल
Meerut News, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक वीडियो इन दिनों सुर्खियों में है। इस वीडियो में एक दारोगा का बेटा गैंग बनाकर गुंडागर्दी करता दिख रहा है। दारोगा के बेटे मोहित ने 15-20 युवकों का गिरोह बना रखा है। सिविल लाइन इलाके में इस गिरोह का आतंक है। लाठी-डंडों के साथ अवैध असलहों से ये लैस रहते हैं। बता दें सोमवार को दारोगा के बेटे और उसके साथियों द्वारा नाबालिग छात्र की पिटाई का एक वीडियो वायरल हो गया। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि ये वीडियो दो साल पुराना है। फिर भी इस वीडियो की जांच की जा रही है जिसके बाद जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार पर इसमें कार्रवाई की जाएगी।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले में तैनात दरोगा मनोज कुमार का इकलौता बेटा मोहित उर्फ गोलू है। मोहित व उसके कई साथी एक नाबालिग छात्र को पकड़कर सर्किट हाउस लाते हैं। मोहित पहले छात्र से पूछताछ करता है और फिर मोहित और उसके साथी छात्र को बेहरमी से पीटने लगते हैं। मुक्के और लाठी डंडों की उस पर बरसात शुरू हो जाती है। छात्र अपनी जान बचाने के लिए गिड़गिड़ाता रहता है, लेकिन वे नहीं माने। छात्र के मुंह पर पेशाब तक करने की कोशिश की जाती है।

क्या कहा पुलिस ने
वहीं मामले में पुलिस अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। इस मामले में एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने मीडिया को बताया कि गुंडागर्दी करने वाला एक युवक दरोगा का बेटा बताया गया है। वीडियो करीब दो साल पुराना है इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। कानून सबके लिए एक है। उसको गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

पीड़ित परिवार ने कहा दो महीने पुराना है वीडियो
वहीं आज पीड़ित परिवार वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी से मिलने पहुंचा और दरोगा के बेटे के ऊपर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर एसएसपी नितिन तिवारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पीड़ित छात्र के भाई ने बताया कि उसके भाई को मोहित चौधरी के गैंग ने सर्किट हाउस में ले जाकर पिटाई की थी। उसने बताया कि ये वीडियो दो महीने पुराना है।
ये भी पढ़ें:- मेरठ सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े












Click it and Unblock the Notifications