मेरठ: लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज से 'नवजात' गायब, ले गए आदमखोर जानवर
मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में आवारा कुत्तों और सूअरों का राज कायम है। आवारा कुत्तों और सूअरों की वजह से मरीज भी आने से घबराते हैं। मेडिकल कॉलेज में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। आवारा जानवरों ने गायनिक वार्ड के बाहर नवजात के शव को नोंच डाला। मासूम का शव गायब होने से जब हड़कंप मचा तो असल वजह का पता चल सका।

वार्ड के बाहर से नवजात गायब
मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में आवारा कुत्तों और सूअरों ने नवजात का शव नोंच डाला। दरअसल मेरठ के जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान बच्चे और मां की हालत काफी गंभीर हो गई थी जिसके बाद जच्चा-बच्चा को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। 108 एंबुलेंस के जरिए प्रसूता को मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड के बाहर छोड़ दिया गया। नवजात की मौत हो चुकी थी और उसके शव को बाहर रखकर वार्ड के अंदर महिला को ले जाया गया।

अस्पताल में कुत्तों का राज
तभी वार्ड के बाहर मौजूद आवारा सूअर ने बच्चे का शव मुंह में दबा लिया और मौके से फरार हो गया। बच्चों के परिजनों ने जब हंगामा किया तो हकीकत खुलकर सामने आ गई। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद जब मीडिया ने मेडिकल कॉलेज के हालातों का जायजा लिया तो अस्पताल में कुत्तों का राज कायम मिला। आवारा पशु बेरोक-टोक मेडिकल कॉलेज के वार्ड और ओपीडी कंपाउंड में जाते दिखाई दिए।

अफसरों ने रोया बजट न होने का रोना
जब इस मामले पर मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने घटना पर अफसोस जाहिर किया लेकिन साथ ही बजट ना होने का रोना भी रो दिया। उनकी मानें तो बजट ना होने के कारण इन आवारा पशुओं को मेडिकल कॉलेज से बाहर नहीं निकाला जा सकता है। हालांकि उन्होंने इस मामले पर कमिश्नर और नगर आयुक्त से वार्ता करने की भी बात कही।












Click it and Unblock the Notifications