रिटायर्ड फौजी की पत्नी का शव आम के बाग में मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शुक्रवार की देर रात एक रिटायर्ड फौजी की पत्नी का अर्धनग्न शव आम के बाग में पड़ा मिला। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंचे गई। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौका-ए-वारदात से साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, महिला के परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जाहिर की है।
जानकारी के अनुसार, मामला मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र का है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार की दोपहर महिला खेत पर गई थी। शाम तक घर वापस नहीं लौटी तो परिवारवालों ने तलाश शुरू की। शाम सात बजे महिला का शव ग्रामीणों ने बाग में देखा। सूचना पर परिजन पहुंचे। महिला के कपड़े क्षत-विक्षत थे। ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या होने की आशंका जताई। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे।
वारदात से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। किठौर थाने से एसएसआई विनय कुमार पहुंचे। मामला तूल पकड़ने लगा तो सीओ किठौर पहुंचे। सीओ ने परिजनों को समझाया। मौके पर सीओ और एसडीएम भी पहुंचे गए। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। ग्रामीणों का कहना है कि महिला की हत्या करने वाला कोई गांव का ही हो सकता है। पुलिस ने कई ग्रामीणों से पूछताछ की। देररात तक पुलिस हत्यारोपी का पता नहीं लगा सकी।