मऊ: जेल से छूट कर आए युवक ने की प्रधान की गोली मारकर हत्या
मऊ। मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के असलपुर गांव के ग्राम प्रधान मुन्ना राव को गांव के ही युवक ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में कर आरोपी की गिरफ्तारी करने में जुट गई।
कहासुनी के बाद मारी प्रधान को गोली
जानकारी के मुताबिक, असलपुर गांव में पोखरे की नीलामी हो रही थी। इसी बीच गांव के कुछ लोगों की ग्राम प्रधान से कहासुनी होने लगी। कहासुनी में विवाद इतना बढ़ गया कि गांव के ही युवन ने प्रधान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरु कर दिया। गोली लगने से प्रधान मुन्ना राव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। युवक ने प्रधान के उपर कई बार फायर किया। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। वहीं, प्रधान की मौत से परिजनों सहित गांव में कोहराम मच गया।
जेल से छूटकर आया था युवक
घटना की जानकारी होते ही मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ एसपी, एएसपी और सीओ भी पहुचे। शव को कब्जे में करने को लेकर लगातार पुलिस और ग्रामीणों के बीच जदोजहद चली, जिसके बाद एसपी द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के बात पर शव को पुलिस के हवाले सौंपा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि ग्राम प्रधान का गांव के एक युवक के साथ पुराना विवाद चलता था। पुराने विवाद में वो जेल से छूट कर आया था, जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस टीम को लगा दिया गया है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।
ये भी पढ़ें: चंदौली: मां-बाप ने बेटी संग ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस