UP News: बदांयू में आत्महत्या करने वाली महिला जज के गांव में शोक की लहर, चाचा बोले- यकीन नहीं हो रहा
UP News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में आत्महत्या करने वाली सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय की मौत की सूचना मिलने के बाद मऊ स्थित उनके गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव वालों को इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है कि उन्होंने आत्महत्या किया है।
गांव के रहने वाले लोगों द्वारा बताया गया कि ज्योत्सना जज बनने के बाद जब भी गांव में आतीं थीं, तो गांव के बच्चों से मुलाकात कर उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित करती थी। साथ ही परिजनों से भी कहती थीं कि अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाए जिससे वह आगे बढ़ सकें।

पड़ोस के कुछ लोगों का कहना है कि ज्योत्सना आत्महत्या नहीं कर सकती थीं। उनके द्वारा संभावना जताई गई है कि ज्योत्सना की हत्या की गई है। ऐसे में लोगों द्वारा मामले की जांच की मांग की जा रही है। ज्योत्सना करीब डेढ़ साल पहले अपने पैतृक गांव आई थीं, उसके बाद से वह बाहर ही थीं।
दरअसल, मूल रूप से मऊ जनपद के घोसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत तराईडीह गांव की रहने वाली ज्योत्सना राय बदायूं जनपद में सिविल जज जूनियर डिवीजन के पद पर तैनात थीं। उनका परिवार लखनऊ में ही रहता है जबकि उनके भाई वाराणसी के बीएलडब्ल्यू में इंजीनियर के पद पर तैनात हैं।
बदायूं जनपद में तैनाती के दौरान ज्योत्सना राय के सरकारी आवास में उनका शव शनिवार दोपहर में फंदे से लटकता हुआ मिला। शनिवार को कार्यालय में न पहुंचने के चलते उनके सहकर्मियों ने उन्हें फोन किया। फोन ना उठने के बाद लोग उनके आवास पर पहुंचे तो दरवाजा बंद मिला।
उसके बाद लोगों ने फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची तो दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा तोड़ने पर कमरे में ज्योत्सना राय की लाश फंदे में लटकती हुई पाई गई। कहा जा रहा है कि ज्योत्सना के कमरे से पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications