वीजा अवधि बढ़ाने के नाम पर दो सिपाहियों ने किया महिला से दुष्कर्म, बनाया वीडियो
आगरा। यूपी पुलिस के दो सिपाहियों पर विदेशी मूल की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाये हैं। महिला का आरोप है कि दो सिपाही उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करते रहे। विदेशी महिला के आरोपों पर मथुरा पुलिस तुरंत हरकत में आई और दोनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी गई है। बता दें कि आरोपी सिपाहियों में से एक आगरा फोर्ट जीआरपी में है, जबकि दूसरा इंटेलिजेंस ब्यूरो में है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस के किर्गिस्तान की महिला की शादी हाथरस के एक शख्स के साथ हुई थी। महिला ने बताया कि उसके पास भारतीय नागरिकता भी है। महिला का कहना है कि करीब पांच माह पहले मथुरा के स्टेट बैंक चौराहे पर उसकी मुलाकात आगरा में तैनात सिपाही धर्मेंद्र गिरि से हुई। उस समय वह वीजा बनवाने लखनऊ जा रही थी। सिपाही भी लखनऊ चलने की बात कह साथ हो लिया। पीड़िता का आरोप है कि सिपाही उसे एक होटल में ले गया और दुष्कर्म कर वीडियो बना ली।
Recommended Video
आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने वीडियो वायरल करने की धमकी दे कई बार दुष्कर्म किया। एक दिन उसने आकाश पवार से मुलाकात कराई। आकाश पवार ने खुद को इंटेलीजेंस ब्यूरो आगरा फोर्ट पर तैनात बताया। इसके बाद दोनों महिला को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करते रहे। महिला ने तंग आकर पुलिस से शिकायत कर दी। एसएसपी शलभ माथुर के आदेश पर शुक्रवार की देर शाम को मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों सिपाहियों के बारे में जानकारी कराई जा रही है।