डिवाइडर तोड़ते हुए 20 फीट नीचे अंडरपास में गिरी तेज रफ्तार कार, सास-बहू की दर्दनाक मौत
Mathura news, मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। दो दिन पहले जहां 7 लोग काल के गाल में समा गए तो वहीं देर रात तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए अंडरपास पुलिया में जा गिरी। कार के करीब 20 फीट नीचे गिरने से परखच्चे उड़ गए। वहीं, कार में सवार दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को अस्पताल भेजा।

आगरा दिल्ली जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के प्रेमनगर चंदन विहार निवासी राजेश कुमार अपनी पत्नी मनोरमा देवी, मां रामवती और दोस्त मनोज तिवारी के साथ अर्टिगा कार से यमुना एक्सप्रेसवे पर होते हुए आगरा से दिल्ली जा रहे थे। बल्देव थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 137 के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए 20 फीट नीचे अंडरपास पुलिया में जा गिरी।

सास-बहू की मौके पर मौत
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार मनोरमा देवी और रामवती की मौके पर मौत हो गई। वहीं, मनोज और राजेश गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मांट टोल चौकी प्रभारी शिववीर सिंह व एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और कार को काट कर सभी को बाहर निकाला।












Click it and Unblock the Notifications