BMW चालक Shanay Gujjar कौन था? मुंबई के कोस्टल रोड पर डिवाइडर तोड़ 75 फीट नीचे गिरी कार, 3 की मौत-1 गंभीर
Mumbai Coastal Road Shanay Gujjar BMW Crash: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार (20 सितंबर) तड़के एक तेज रफ्तार BMW के भीषण हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार डिवाइडर और बाहरी दीवार को तोड़ते हुए करीब 75 फीट नीचे निर्माणाधीन पार्किंग साइट में जा गिरी। शुरुआती जांच में पुलिस को हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका है।
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। चकनाचूर हो चुकी बीएमडब्लयू कार में सवार सभी चार दोस्तों का निकाला गया। लेकिन, 3 की मौत ने सभी को झकझोर दिया। आइए जानते हैं कि आखिर कौन थे यह कार सवार?

Who Was Shanay Gujjar: कौन था BMW चालक Shanay Gujjar?
पुलिस के मुताबिक, BMW 21 वर्षीय शनाय गुज्जर (Shanay Gujjar) चला रहा था। वह मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में पेइंग गेस्ट के तौर पर रह रहा था। शनाय विले पार्ले के एक मैनेजमेंट कॉलेज में BBA की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार हादसे में इस्तेमाल BMW उसके परिवार की थी। हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक वे मरीन ड्राइव घूमने गए थे और वहां से लौट रहे थे।
Mumbai Marine Drive To Haji Ali: मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी BMW
हादसा रविवार सुबह करीब 5:20 बजे लोटस जेट्टी के पास, लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने हुआ। BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। पुलिस के मुताबिक कार, तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। BMW पहले कोस्टल रोड की बाहरी दीवार यानी डिवाइडर से टकराई और उसके बाद करीब 75 फीट नीचे जा गिरी।
तारदेव पुलिस की वरिष्ठ निरीक्षक मीना जगताप के मुताबिक, शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और इसी वजह से चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। हालांकि हादसे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
तीन युवकों की मौत, एक गंभीर
हादसे के बाद BMW में सवार चारों युवकों को नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में तीन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान शनाय गुज्जर (21 वर्ष), आदित्य जकासनिया (19 वर्ष), धैर्य सेठ (17 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान आदित्य ओसवाल (23 वर्ष) के रूप में बताई गई है। उसे नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार शनाय, धैर्य और आदित्य ओसवाल एक ही मैनेजमेंट कॉलेज में BBA की पढ़ाई कर रहे थे। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हादसे की भयावहता CCTV में कैद
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि BMW सड़क की बाहरी सुरक्षा दीवार को तोड़कर नीचे जा गिरी। CCTV फुटेज में कार को तेज रफ्तार में आगे बढ़ते और फिर ब्रिज के किनारे से नीचे गिरते देखा गया है। नीचे निर्माणाधीन पार्किंग साइट में गिरने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की छत अंदर की ओर धंस गई, विंडशील्ड बुरी तरह टूट गई और आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
10.58 किलोमीटर लंबा है मुंबई कोस्टल रोड
जिस जगह हादसा हुआ, वह मुंबई के 10.58 किलोमीटर लंबे कोस्टल रोड का हिस्सा है। यह हाई-स्पीड कॉरिडोर दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। कोस्टल रोड पर पहले भी तेज रफ्तार और सुपरकारों की ड्राइविंग को लेकर सवाल उठते रहे हैं। 3 सितंबर को मुंबई पुलिस ने कोस्टल रोड सुरंग में कथित रेसिंग के मामले में Lamborghini, BMW M2 और BMW Z4 समेत कई सुपरकारों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच में कार की गति, चालक का नियंत्रण कैसे छूटा और हादसे से ठीक पहले वाहन की स्थिति क्या थी, जैसे पहलुओं को देखा जा रहा है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है, लेकिन दुर्घटना का अंतिम कारण पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा।


Click it and Unblock the Notifications
