'कुरान से चले भारत', बयान पर महाराष्ट्र विधानसभा में महासंग्राम! कौन हैं NCP विधायक सना मलिक जिन पर मचा बवाल
Who is Sana Malik: महाराष्ट्र विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा विधायक देवयानी फरांडे ने 'तीन तलाक' कानून को सख्ती से लागू करने के संबंधित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किया। जिसके बाद सत्ताधारी महायुति में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP अजित गुट) की विधायक सना मलिक ने ऐसा बयान दिया कि तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई।
दरअसल, सना मलिक ने कुरान का हवाला देते हुए भारत में भी इस्लामिक कानून लागू करने की मांग की। जिसके बाद सत्र में भाजपा के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सना मलिक को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। आइए जानते हैं कौन हैं सना मलिक और क्या है पूरा मामला...

सना मलिक ने मुस्लिम पर्सनल लॉ और कुरान के प्रावधानों का जिक्र किया। निकाह, तलाक और बहुविवाह का समर्थन करते हुए कुरान का हवाला दिया। जिस पर भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने सदन में दहाड़ते हुए कहा देश किसी धार्मिक ग्रंथ से नहीं, बल्कि केवल भारत के संविधान से चलता है।
देवयानी फरांडे ने सदन में क्या कहा जिस पर भड़की सना मलिक?
भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने सदन का ध्यान पीड़ित मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की ओर खींचा। उन्होंने तर्क दिया कि पाकिस्तान में बहुविवाह पर नियंत्रण के लिए कड़े कानूनी प्रावधान हैं। वहां दूसरी शादी करने के लिए पहली पत्नी से लिखित सहमति लेना और एक विशेष 'आर्बिट्रेशन काउंसिल' (मध्यस्थता परिषद) से मंजूरी लेना अनिवार्य किया गया है।
देवयानी इन सख्त नियमों के कारण ही पाकिस्तान में बहुविवाह की दर महज एक प्रतिशत है। भारत में तीन तलाक कानून बनने के बाद भी पुलिस कार्रवाई की जरूरत पर बल देते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने डेढ़ महीने में ही तीन ऐसे मामले देखे हैं, जहां पीड़ित महिलाओं के लिए पुलिस को त्वरित कदम उठाने पड़े हैं।
सना मलिक ने क्या दिया जवाब?
सना मलिक ने कहा कहा क्या केवल मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को ही ऐसी प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने तर्क दिया कि बहुविवाह की प्रथा केवल एक समुदाय विशेष तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के विभिन्न धर्मों और समाजों में अलग-अलग रूपों में पहले से मौजूद है।
सना मलिक बोलीं -कुरान के आधार पर हो भारत में कानून
सना मलिक ने बहुविवाह उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने बहुविवाह को लेकर कोई नई व्यवस्था विकसित नहीं की है, बल्कि उसने केवल कुरान में दर्ज मुस्लिम व्यक्तिगत नियमों को ही कानून में बदला है। इसके साथ ही उन्होंने कहा पाकिस्तान कुछ नया नहीं कर रहा है, पाकिस्तान मुस्लिम लॉ को फॉलो कर रहा है जिसमें कुरान में बताए गए नियम हैं। मेरी मांग है कि अगर पाकिस्तान इसे लागू कर सकता है तो भारत में भी इसे लागू किया जाए।
तीन तलाक पर क्या बोलीं सना मलिक?
तीन तलाक के तकनीकी पहलुओं पर बात करते हुए मलिक ने बताया कि इस्लाम के भीतर तलाक की कई पद्धतियां मौजूद हैं। इनमें 'तलाक-ए-हसन' और 'तलाक-ए-अहसन' को धार्मिक रूप से मान्यता प्राप्त है। जबकि तुरंत दिया जाने वाला 'तलाक-ए-बिद्दत' (इंस्टेंट ट्रिपल तलाक) एक सामाजिक-सांस्कृतिक कुप्रथा है, जिसका कुरान के मूल पाठों में कहीं कोई जिक्र नहीं मिलता है।
भाजपा ने क्या दिया जवाब?
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि फोन, मैसेज या ईमेल के जरिए तलाक देने जैसी घटनाओं से महिलाओं की सुरक्षा के लिए यह कानून बनाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी धर्म विशेष को निशाना नहीं बना रही, बल्कि महिलाओं के अधिकार और लैंगिक न्याय सुनिश्चित करना उसका उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में UCC लागू होने पर बहुविवाह से जुड़े नियम सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होंगे।
कौन हैं सना मलिक?
सना मलिक महाराष्ट्र की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP - अजित पवार गुट) की युवा नेता और विधायक हैं, जो मुंबई के अणुशक्ति नगर विधानसभा क्षेत्र से 2024 में पहली बार विधायक चुनी गईं। वह वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नवाब मलिक की बेटी हैं। राजनीति में आने से पहले वह आर्किटेक्ट और वकील के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं। सना मलिक पार्टी में अल्पसंख्यक और महिला मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
सना मलिक के पिता नवाब मलिक कौन हैं
नवाब मलिक स्वर्गीय अजित पवार के करीबी नेताओं में एक हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से का जन्म तो उत्तप्रदेश में हुआ, लेकिन बाद में वे मुंबई आकर राजनीति में सक्रिय हो गए। वे कई बार महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं और राज्य सरकार में अल्पसंख्यक विकास, कौशल विकास और रोजगार जैसे विभागों के मंत्री भी रहे हैं। नवाब मलिक NCP के मुंबई अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में भी काम कर चुके हैं। वे अणुशक्ति नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और 2024 में अपनी बेटी सना को अपनी सीट से उम्मीदवार बनाकर चुनाव मैदान में उतारा था।













Click it and Unblock the Notifications