BJP Mayor Ritu Tawde Profile: BMC में बीजेपी की रितु तावड़े बनेंगी मेयर, जानिए कौन हैं मुंबई की नई मेयर
BJP Mayor Ritu Tawde Profile: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। देश की सबसे अमीर नगर निकाय मानी जाने वाली बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मेयर मिलने जा रही हैं।
BJP की सीनियर पार्षद रितु तावड़े को बीएमसी की अगली मेयर बनाए जाने का फैसला किया गया है। यह फैसला न केवल मुंबई की नगर राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ता है, बल्कि बीएमसी पर दशकों से चला आ रहा शिवसेना के वर्चस्व को भी चुनौती देता है। विस्तार से पढ़िए रितु तावड़े का राजनीतिक सफर...

Who is Ritu Tawde First BJP Mayor: कौन हैं रितु तावड़े? क्या है उनका राजनीतिक सफर
रितु तावड़े भाजपा की अनुभवी और जमीनी नेता मानी जाती हैं। वे वर्तमान में घाटकोपर के वार्ड संख्या 132 से पार्षद हैं और लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर आई हैं। नगर निगम की राजनीति में उनकी पहचान एक सुलझी हुई, कामकाजी और जनता से सीधे जुड़ने वाली नेता के रूप में है।
रितु तावड़े का राजनीतिक करियर धीरे-धीरे लेकिन मजबूती के साथ आगे बढ़ा है। 2012 में वार्ड नंबर 127 से पहली बार पार्षद चुनी गईं। 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से जीत दर्ज की इसके बाद 2025 में वार्ड नंबर 132 से लगातार तीसरी बार पार्षद निर्वाचित हुई । तीन अलग-अलग वार्डों से जीत दर्ज करना उनकी बढ़ती राजनीतिक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
Ritu Tawde Political Journey: जातिगत राजनीति से ऊपर मानी जाती हैं रितु तावड़े
रितु तावड़े मराठा समुदाय से आती हैं, लेकिन उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत यही मानी जाती है कि उन्होंने गुजराती बहुल इलाके से लगातार जीत हासिल की है। यह साबित करता है कि उनकी लोकप्रियता केवल जातिगत समीकरणों पर आधारित नहीं है, बल्कि काम और भरोसे की राजनीति पर टिकी है।
पार्टी के भीतर भी उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखा जाता है जो नागरिक समस्याओं-जैसे पानी, सड़क, शिक्षा और सफाई-पर सीधे जनता से संवाद कर समाधान निकालने में सक्षम हैं। रितु तावड़े का राजनीतिक सफर भी खासा दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन 2012 में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। इसके बाद उन्होंने भाजपा में खुद को एक मजबूत और भरोसेमंद नेता के रूप में स्थापित किया।
एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन रह चुकी हैं
बीएमसी में रहते हुए रितु तावड़े को कई अहम जिम्मेदारियां मिलीं। वे मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की एजुकेशन कमिटी (शिक्षा समिति) की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के स्कूलों, शिक्षकों और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई। नगर राजनीति के साथ-साथ संगठनात्मक स्तर पर भी ऋतु तावड़े की मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वे महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। महिलाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता पार्टी के लिए एक बड़ी ताकत मानी जाती है।
BMC की राजनीति में क्या बदलेगा?
रितु तावड़े का मेयर बनना सिर्फ एक पद परिवर्तन नहीं है। यह संकेत है किBMC में सत्ता संतुलन बदलेगा और BJP की पकड़ मुंबई की नगर राजनीति में मजबूत होगी। प्रशासनिक कामकाज में नई प्राथमिकताएं तय हो सकती हैं। इसके साथ ही शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस बढ़ सकता है।
बीएमसी को पहली बार भाजपा की मेयर मिलने जा रही है और रितु तावड़े इस बदलाव की चेहरा होंगी। जमीनी राजनीति, संगठनात्मक अनुभव और जनता के बीच मजबूत स्वीकार्यता उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए एक मजबूत दावेदार बनाती है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि उनके नेतृत्व में मुंबई की नगर राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।












Click it and Unblock the Notifications