Mumbai Rain: न्यू ईयर पर मौसम ने बदला मिजाज, मुंबई में रिमझिम बारिश, दिल्ली में टूटा 6 साल का रिकॉर्ड!
Weather Update Today: साल 2026 की शुरुआत कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और बेमौसम बारिश के साथ हुई है। IMD की रिपोर्ट के अनुसार, देश का एक बड़ा हिस्सा इस समय शीतलहर (Cold Wave) की चपेट में है। जहां उत्तर भारत में पारा गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
नए साल के पहले ही दिन मुंबई के कुछ हिस्सों में हुई बारिश ने लोगों को चौंका दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में पिछले छह वर्षों का टूटा रिकॉर्ड
देश की राजधानी दिल्ली में साल 2025 का अंत और 2026 का आगाज बेहद ठिठुरन भरा रहा। दिल्ली में दिसंबर का आखिरी दिन पिछले छह वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है।
दिन भर धूप न निकलने और बर्फीली हवाओं के चलते लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शाम होते ही शहर के कई हिस्सों में हल्का कोहरा छाने से विजिबिलिटी भी कम हो रही है, जिसका सीधा असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ा है।
नए साल पर मुंबई में बारिश
नए साल के मौके पर मुंबई के मौसम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। मुंबई के वालकेश्वर और लोअर परेल जैसे इलाकों में सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई। हालांकि इस बारिश से तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट नहीं आई, लेकिन प्रदूषण के स्तर में सुधार जरूर हुआ है।
गुवाहाटी में स्कूल बंद
दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत के असम में ठंड का कहर इस कदर बढ़ा कि गुवाहाटी प्रशासन को एक हफ्ते के लिए स्कूल बंद करने का फैसला लेना पड़ा। दिन के तापमान में आई अचानक गिरावट और लगातार बनी रहने वाली धुंध के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।
पश्चिमी और उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का टॉर्चर लगातार जारी है। राजस्थान के करौली में न्यूनतम तापमान सीजन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है, जबकि जयपुर और जोधपुर जैसे प्रमुख शहरों में भी रातें बेहद सर्द हो गई हैं।
राज्य के कई जिलों में पारा सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) में बना हुआ है। वहीं पंजाब और हरियाणा में भी हालात गंभीर हैं। अमृतसर, लुधियाना और पटियाला जैसे शहरों में शीतलहर के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 1 से 3 जनवरी के बीच राजस्थान और पंजाब के बड़े हिस्से में 'घना से बहुत घना' कोहरा छा सकता है।
झारखंड और बंगाल में शीतलहर और बर्फबारी का अनुमान
पूर्वी भारत भी इस समय कड़ाके की सर्दी की गिरफ्त में है। झारखंड के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिसका मुख्य कारण उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दबाव है। उधर पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों, खासकर दार्जिलिंग में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मैदानी इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी ठंड और कोहरे का असर और गहरा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications