'मुसलमान हमारे साथ....': बीजेपी के 'हिंदुत्व' को लेकर क्या बोल गए उद्धव ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने बीजेपी और खुद के हिंदुत्व में अंतर साबित करने की कोशिश की है। उन्होंने दावा किया है कि अब मुसलमान उनके साथ जुड़ चुके हैं।
उनका कहना है कि उन्हें अब मुसलमानों का भरपूर समर्थन मिल रहा है, क्योंकि उनका हिंदुत्व चूल्हा जलाता है। जबकि भाजपा के हिंदुत्व को लेकर आरोप लगाने की कोशिश की कि वह सिर्फ घरों को जलाते हैं।

मुसलमान हमारे साथ आ रहे हैं- उद्धव
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के मुताबिक, 'मुस्लिम समुदाय हमारे साथ आ रहा है। मैं उनसे पूछता हूं कि क्या आप नहीं जानते हैं कि मैं शिवसेना का पार्टी प्रमुख हूं और हिंदू हृदय सम्राट का बेटा हूं...।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं खुद में एक कट्टर हिंदू हूं, फिर आप (मुसलमान) मेरे साथ क्यों आ रहे हैं? वे कहते हैं कि हम आपके हिंदुत्व और बीजेपी के हिंदुत्व के बीच अंतर को जान गए हैं। आपका हिंदुत्व हमारे घरों में चूल्हे जलाता है और बीजेपी का हिंदुत्व घरों को जलाता है।'
हम देशभक्त हिंदू हैं- उद्धव ठाकरे
उद्धव ने खुद के बारे में दावा किया, 'राम हमारे दिलों में हैं और काम हमारे हाथों में है, यह हमारा हिंदुत्व है और हम देशभक्त हिंदू हैं।'
'कर्पूरी ठाकुर को वोट के लिए दिया भारत रत्न'
इतना ही नहीं उद्धव ठाकरे ने भारत रत्न दिए जाने को लेकर भी बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। वे बोले, 'पहले नियम होता था कि कितने और किसे भारत रत्न दिए जा सकते हैं और कब दिए जा सकते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के दिमाग में जो भी आ रहा है उसे अवार्ड दे रहे हैं। मैं नहीं कह रहा हूं कि जिसे भारत रत्न दिया गया वो गलत है। उन्हें बिहार में वोट चाहिए, इसलिए कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया है...'
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने डॉ एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने की घोषणा की है, लेकिन उनकी अगुवाई वाले आयोग की ओj से कृषि से आमदनी बढ़ाने वाली सिफारिशें लागू करने में विफल रही है। उनके मुताबिक, 'लोग इस खोखलेपन को देख सकते हैं।'
इस साल केंद्र सरकार ने देश की 5 शख्सियतों को भारत रत्न देने की घोषणा की है, जिनमें से 4 को मरणोपरांत दिए जाने का एलान हुआ है।
जिन्हें मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने की घोषणा हुई है उनमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर, पूर्व प्रधानमंत्रियों चौधरी चरण सिंह और पीवी नरसिम्हाराव और कृषि वैज्ञानिक डॉ एमएस स्वामीनाथन का नाम शामिल है।
इसके अलावा देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न दिए जाने की मोदी सरकार ने घोषणा की है। एक साल में 5 दिग्गजों को यह पुरस्कार देने की घोषणा पहली बार हुई है। 1999 में सबसे ज्यादा 4 लोगों को भारत रत्न दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications