'मानो रूस और यूक्रेन आखिरकार साथ आ गए', उद्धव-राज ठाकरे के गठबंधन पर देवेंद्र फडणवीस ने किया कटाक्ष
Uddhav-Raj Thackeray alliance: बृहद मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों से पहले, शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने गठबंधन कर लिया है। बुधवार को मुंबई में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाकरे ब्रदर्स ने गठबंधन की औपचारिक घोषणा कर दी है।। महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने राज्य भर में 29 नगर निगमों के चुनाव घोषित किए हैं, जिनमें बीएमसी भी शामिल है।
ठाकरे ब्रदर्स के गठबंधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहली प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा वे ऐसा प्रचार कर रहे हैं मानो रूस और यूक्रेन आखिरकार साथ आ गए हैं और ज़ेलेंस्की और पुतिन आखिरकार बातचीत कर रहे हैं।

इसके साथ ही सीएम फडणवीस ने कहा, " दोनों ने भूमिकाएं बदलकर लोगों के बीच अपने बारे में अविश्वास पैदा किया है, जिन्होंने तुष्टिकरण की नीति को अपनाकर अपना वोटवैंक खो दिया है, ऐसी दो पार्टियां साथ में आई हैं तो उससे क्या फर्क पड़ने वाला है? ये दो पार्टियां केवल अपना अस्तित्व बचाने के लिए साथ में आई हैं। ऐसे में वे चुनाव नहीं जीत सकतीं।"
भाजपा बोली- 'दो वंशवादी हार के डर से एकसाथ आए'
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी चचेरे भाइयों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "दो वंशवादी हार के डर से एकसाथ आए हैं। उन्होंने अपनी पार्टियों के बीच गठबंधन किया है। मुंबई के लोग एनडीए-भाजपा के तहत विकास चुनना चाहते हैं।"
उद्धव और राज की पार्टी कितनी-कितनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव?
इन चुनावों के लिए मतदान 15 जनवरी को होगा और मतों की गणना 16 जनवरी को की जाएगी। सीटों के बंटवारे पर हालांकि कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, पर सूत्रों के अनुसार उद्धव के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) 150 सीटों पर लड़ेगी जबकि राज के नेतृत्व वाली मनसे शेष 77 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। बीएमसी में कुल 227 सीटें हैं।
ठाकरे ब्रदर्स के साथ आने से क्या महायुति को होगा नुकसान?
कार्यकर्ताओं के लिए, इस गठबंधन का अर्थ है वर्षों की राजनीतिक दूरी का अंत। वे उम्मीद कर रहे हैं कि पंचायत चुनावों में मिली हार के बाद, बीएमसी चुनाव बेहतर परिणाम लाएंगे। हालांकि, एकनाथ शिंदे गुट इसे केवल एक "फोटो अवसर" मान रहा है, जिससे उन्हें कोई खास फर्क पड़ने की संभावना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications