त्रिपुरा हिंसा: प्रदर्शन के दौरान मालेगांव और नांदेड़ में भड़की हिंसा, ASP समेत 7 घायल
नई दिल्ली, 12 नवंबर: पिछले दिनों त्रिपुरा में हुई हिंसा के खिलाफ महाराष्ट्र के मालेगांव और नांदेड़ में बंद का आह्वान किया गया था। जिसमें एक ही समुदाय के दो समूह आपस में भिड़ गए, जिसके बाद वहां पर जमकर हाथापाई और पथराव हुआ। इस घटना में एडिशनल एसपी समेत 7 पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। हिंसा के बाद पुलिस ने बाजारों को बंद करवा दिया। साथ ही लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस की गाड़ियों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। साथ ही अमरावती में एक प्रदर्शन के दौरान 20 से ज्यादा दुकानों में तोड़फोड़ की गई। वहीं अब्दुल हमीद चौक पर एक समुदाय के हजारों लोग इकट्ठा हुए थे। कुछ देर बाद उसी के दो गुटों में कहासुनी हो गई। जब तक लोग कुछ समझपाते वहां पर मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। सूत्रों के मुताबिक नांदेड़, अमरावती और मालेगांव में अब हालात काबू में हैं। साथ ही पुलिस की कुछ टीमें उपद्रवियों की पहचान करके उनकी तलाश कर रही हैं।
ऐसे समझें पूरा मामला
दुर्गा पूजा के वक्त बांग्लादेश में बहुत से हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया। जिसके बाद हिंसा हुई और कई लोग मारे गए। आरोप है कि इसी हिंसा के विरोध में त्रिपुरा में भी प्रदर्शन किया गया। उस दौरान कुछ मस्जिदों में तोड़फोड़ की गई, हालांकि त्रिपुरा पुलिस और सरकार ने साफ कर दिया था कि किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचा है। इसी घटना के खिलाफ महाराष्ट्र के तीन शहरों में शुक्रवार को प्रदर्शन हुआ।
हिंसा पर राजनीति शुरू
वहीं दूसरी ओर हिंसा की खबर सामने आते ही इस पर राजनीति शुरू हो गई है। महाराष्ट्र में विपक्षी दल बीजेपी ने इस घटना के लिए महाराष्ट्र सरकार और उसके प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications