प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, मुंबई पुलिस के व्हाट्सएप पर आया मैसेज
PM Narendra Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी भरा मैसेज मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप पर आया है। मैसेज मिलने के बाद मुंबई पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। ऐसा बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा मैसेज राजस्थान से भेजा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को शनिवार 7 दिसंबर को व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला। मैसेज में पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। मैसेज मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच में जुट गई है। अभी तक जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक, पीएम को जान से मारने की धमकी देने वाला मैसेज राजस्थान के अजमेर से भेजा गया था।

अब मुंबई पुलिस की एक टीम को मैसेज भेजने वाले संदिग्ध की तलाश और हिरासत में लेने के लिए अजमेर भेजा गया है। खबर के मुताबिक, मुंबई ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन के व्हाट्सएप नंबर पर कुछ घंटे पहले यह संदेश भेजा गया। इसमें कहा गया कि दो आईएसआई एजेंटों और पीएम मोदी को निशाना बनाने के लिए बम ब्लास्ट करने की साजिश की जा रही है।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि संदेश भेजने वाला मानसिक रूप से परेशान है या शराब के नशे में उसने संदेश भेजा है। फिलहाल, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। आपको बता दें कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर पहले भी ऐसे धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। इससे पहले 27 नवंबर को ऐसा ही एक मैसेज मिला था।
एक शख्स ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन करके पीएम मोदी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। कॉल का पता पश्चिमी उपनगरों के अंबोली से लगाया गया और इसके बाद मामला दर्ज किया गया। मुंबई पुलिस की एक टीम ने महिला कॉलर का पता लगाया और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था। जांच के बाद महिला मानसिक रूप से अस्थिर पाई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications