अजित पवार की हुई NCP, सुप्रिया सुले बोलीं- देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि यह पार्टी किसकी है
जिस तरह से चुनाव आयोग ने एनसीपी पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह अजित पवार को आवंटित किया है और उन्हें ही एनसीपी का नेता माना है, उसपर तीखा प्रतिक्रिया देते हुए शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने कहा कि जो शिवसेना के साथ हुआ, वही हमारे साथ हुआ है, बस कंटेंट बदला है। उनसे जब पूछा गया कि इसके पीछे कौन है तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसके पीछे अदृश्य शक्ति है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि हमारे दस्तावेज भी ठीक थे, इस पार्टी का फाउंडर मेंबर और लीडर एक ही है वह शरद पवार का है। बच्चा-बच्चा इस देश में कश्मीर से कन्याकुमारी तक यह जानता है कि एनसीपी किसकी है। अभी ठीक है माहौल कुछ और है, अभी ऐसी शक्ति है देश, हम लड़ेंगे। हम देश की जनता के बीच जाएंगे।

अगर आप सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर को देखें तो उसमे कहा गया है कि पार्टी का चुनाव चिन्ह विधायक का नहीं होता बल्कि पार्टी का होता है। मेरे खयाल से जो शिवसेना के साथ किया, वही हमारे साथ हो रहा है। यह कोई नया ऑर्डर नहीं है, सिर्फ नाम बदला है, कंटेंट वही है। हमसे पार्टी का नया नाम और चुनाव चिन्ह मांगा गया है, हम उसे कल तक दे देंगे।
सुप्रिया सुले ने कहा कि ये तोड़मोड़ की राजनीति जो देश में चल रही है, वह संविधान से बाहर की है, यह किसी भी लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। हमारी सोच अलग हो सकते हैं, लेकिन जिस तरह से आयकर विभाग, ईडी, सीबीआई का इस्तेमाल इस सरकार में हो रहा है, कश्मीर से कन्याकुमारी तक पार्टियां तोड़ी जा रही है, परिवार तोड़े जा रहे है। अभी यह देश में ट्रेंड चल रहा है, उसके खिलाफ लड़ना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications