सुनेत्रा पवार और बेटे पार्थ के तेवर से बगावत पर उतरे NCP के 6 दिग्गज! अमित शाह से मुलाकात, अब क्या होगा?
NCP Crisis: महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में एक बार फिर भूचाल आ गया है। अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी (NCP) के भीतर उथल-पुथल शुरू हो गई है। पार्टी की कमान संभाल रही सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार के फैसलों से खफा एनसीपी के 6 बड़े दिग्गजों ने सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की है। इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग के बाद से महायुति सरकार में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है, जिससे बीजेपी की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
हालांकि एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने पार्टी में किसी तरह की नाराजगी से इनकार किया है। ऐसे में सवाल है कि क्या यह केवल संगठन से जुड़ा विवाद है या अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व की नई लड़ाई शुरू हो गई है?

अमित शाह से मिले NCP के 6 दिग्गज
दिवंगत अजित पवार के निधन के बाद से पार्टी के भीतर असंतोष सुलग रहा था। इसी कड़ी में सोमवार को एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, मंत्री छगन भुजबळ, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे और दिलीप वळसे पाटील ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में नेताओं ने सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ के काम करने के तरीके पर खुलकर अपनी नाराजगी जताई। इन सीनियर नेताओं का आरोप है कि पार्टी में बिना अनुभव और सीनियरिटी को परखे फैसले लिए जा रहे हैं, जिसमें पार्थ पवार की दखलअंदाजी हद से ज्यादा बढ़ गई है।
हालांकि अजित पवार के साथ रहे इन नेताओं ने सुनेत्रा पवार की खुलकर आलोचना नहीं की। उनकी नाराजगी मुख्य रूप से इस बात पर बताई गई कि पार्टी के अनुभवी नेताओं को फैसलों में पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है। एक नाराज नेता के हवाले से कहा गया कि सुनेत्रा पवार राजनीतिक परिवार से आती हैं और पवार परिवार की बहू भी हैं, इसलिए उन्हें वरिष्ठ नेताओं की बेचैनी का अंदाजा जरूर होगा।
क्या शरद पवार गुट में विलय की हो रही थी बात?
दिल्ली की इस गुप्त बैठक में शरद पवार गुट के साथ एनसीपी के विलय की चर्चा को लेकर भी सुगबुगाहट तेज हो गई। हालांकि, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। तटकरे का कहना है, "पार्टी के भीतर किसी भी तरह का असंतोष नहीं है। दिल्ली की यह बैठक पहले से तय थी और हमारे सभी नेता एकजुट हैं। विलय जैसी खबरों का अब कोई मतलब नहीं है, ये चर्चाएं पूरी तरह खत्म हो चुकी हैं।"
इसके बावजूद हाल ही में हुए एमएलसी चुनावों में एनसीपी को मिली हार और शरद पवार गुट की जीत ने पार्टी के भीतर चिंता बढ़ा दी है। सूत्रों का मानना है कि पार्टी के पुराने वफादार अब भी पवार परिवार के पुराने कैंप की तरफ झुकाव रख रहे हैं।
पार्थ और जय पवार का डैमेज कंट्रोल
बगावती तेवर और सीनियर नेताओं की नाराजगी को भांपते हुए सुनेत्रा पवार ने मुंबई में एक अहम कोर कमेटी की बैठक बुलाई। इस बैठक में पार्थ पवार और उनके छोटे भाई जय पवार ने भी हिस्सा लिया।
दबाव के आगे झुकते हुए पार्थ और जय पवार ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को भरोसा दिलाया है कि वे भविष्य में हर फैसले में सीनियर नेताओं की सलाह लेंगे और पूरा सम्मान देंगे। इसके साथ ही, पार्टी के वित्त मंत्रालय (Finance Portfolio) को लेकर भी असंतोष है, जो अजित पवार के पास था और फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है।
सुनेत्रा पवार की आज होने वाली बैठक तय करेगी भविष्य
समीकरणों को साधने के लिए सुनेत्रा पवार ने मंगलवार शाम 7 बजे मुंबई स्थित अपने 'देवगिरी' सरकारी आवास पर पार्टी के सभी विधायकों की एक आपात बैठक बुलाई है। इस मीटिंग में जितने विधायक पहुंचेंगे, उससे यह साफ हो जाएगा कि पार्टी पर सुनेत्रा पवार की पकड़ कितनी मजबूत है और बगावत के सुर कितने गहरे हैं।
सुनील तटकरे ने इस बैठक को सामान्य प्रक्रिया बताते हुए कहा,"इस तरह की बैठकें विधायकों की राय जानने के लिए होती हैं जो पहले भी अजित दादा के समय होती रही हैं। पार्टी पूरी तरह मजबूत और एकजुट है।"
भले ही नेता आधिकारिक तौर पर सब कुछ ठीक होने का दावा कर रहे हों, लेकिन अंदरखाने की रस्साकशी इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में कोई बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।
क्या शरद पवार की पार्टी में होगा विलय?
अजित पवार के निधन के बाद दोनों एनसीपी गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह के साथ हुई बैठक में बीजेपी के नेताओं ने दोनों गुटों के एक साथ आने और एनडीए में बने रहने का सुझाव दिया। लेकिन एनसीपी के नेता इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं बताए गए।
सुनील तटकरे ने विलय की अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "विलय को लेकर चर्चा अब खत्म हो चुकी है।" तटकरे ने यह भी कहा कि दिल्ली में बैठक पहले से तय थी और पार्टी में किसी स्तर पर असंतोष नहीं है। उनके मुताबिक, बैठक में संगठन के विस्तार, पार्टी की भूमिका और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
दूसरी ओर, सूत्रों का कहना है कि अमित शाह के साथ बातचीत में पार्टी के अंदरूनी मतभेदों और उनके महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर पड़ने वाले असर पर भी चर्चा हुई। बीजेपी नेतृत्व ने एनसीपी के कामकाज को लेकर चिंता जताई और नेताओं से आपसी मतभेद सुलझाने को कहा।
अजित पवार के बाद क्यों बढ़ी बेचैनी?
अजित पवार की विमान हादसे में अचानक मौत के बाद सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। यह वही पद था, जिस पर अजित पवार रहते थे। लेकिन उनके पास रहा वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास चला गया। एनसीपी इस मंत्रालय को अपने पास वापस चाहती है। इससे भी पार्टी के भीतर बेचैनी बढ़ने की बात कही जा रही है।
पार्टी में तनाव की एक और वजह हाल में विधान परिषद की उस इकलौती सीट पर हार को माना जा रहा है, जिस पर एनसीपी ने चुनाव लड़ा था। शरद पवार के गुट ने दो सीटें जीत लीं। इस नतीजे ने यह सवाल भी खड़ा किया कि क्या अजित पवार के कुछ पुराने समर्थक फिर से उनके चाचा शरद पवार के खेमे की ओर लौट रहे हैं।
BJP को क्यों सता रही है गठबंधन की चिंता?
बीजेपी की चिंता सिर्फ एनसीपी के अंदरूनी विवाद तक सीमित नहीं है। एनसीपी में संगठन कमजोर पड़ता है, तो पश्चिमी महाराष्ट्र में शरद पवार के गुट को फिर से पैर जमाने का मौका मिल सकता है। इसका असर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन पर भी पड़ सकता है।
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में बीजेपी और एनसीपी के साथ एकनाथ शिंदे की शिवसेना भी शामिल है। शिंदे भी मराठा समुदाय से आते हैं। ऐसे में एनसीपी की राजनीतिक पकड़ कमजोर होने पर उन्हें बीजेपी के सामने अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका मिल सकता है।
फिलहाल एनसीपी सार्वजनिक तौर पर एकजुट होने का दावा कर रही है, जबकि अंदरूनी नाराजगी की खबरें अलग तस्वीर पेश कर रही हैं। सुनेत्रा पवार की बैठक में विधायकों की मौजूदगी, वरिष्ठ नेताओं को फैसलों में मिलने वाली जगह और पार्थ पवार की भूमिका पर आगे क्या होता है, इससे पार्टी की दिशा काफी हद तक तय हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
