शिंदे गुट के मंत्री के होटल कमरे से कैश से भरे बैग का वीडियो वायरल, राउत बोले– पीएम मोदी और शाह ध्यान दें
Shivsena UBT minister Sanjay Shirsat: महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर उबाल पर है, और इस बार वजह बना है एक वायरल वीडियो, जिसमें राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री और शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट अपने बेडरूम में कैश से भरे बैग के पास बैठे नजर आ रहे हैं।
वीडियो में शिरसाट सिगरेट पीते हुए दिखते हैं और उनके पास एक बड़ा बैग खुला हुआ पड़ा है जिसमें नोटों की गड्डियां नजर आती हैं। कमरे में एक और सूटकेस भी दिखाई देता है, साथ ही उनका पालतू कुत्ता भी आसपास घूमता हुआ दिखता है।

यह वीडियो सामने आते ही राजनीतिक हलकों में सनसनी फैल गई है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने इसे एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टैग किया और तीखी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, "यह रोमांचक वीडियो माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को जरूर देखना चाहिए! देश में क्या चल रहा है! एक महाराष्ट्र मंत्री का यह वीडियो बहुत कुछ कहता है।"
आयकर विभाग की नोटिस और राजनीतिक हमला
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब संजय शिरसाट को आयकर विभाग (Income Tax Department) की ओर से नोटिस जारी किया गया है। औरंगाबाद (पश्चिम) से विधायक शिरसाट ने पुष्टि की है कि उन्होंने जवाब देने के लिए समय मांगा है और जल्द ही केंद्रीय एजेंसी को अपना पक्ष स्पष्ट करेंगे।
संजय शिरसाट ने वीडियो को लेकर इंडिया टूडे से बातचीत में उन्होंने अपनी सफाई में कहा, "मैं एक यात्रा से लौटा था। कपड़े बदलकर अपने बेडरूम में बैठा था, मेरा पालतू कुत्ता भी वहीं था। शायद किसी ने उसी वक्त वीडियो बना लिया। मुझे उस पैसों के बारे में कुछ नहीं पता। अगर मुझे इतना पैसा रखना होता, तो उसे अलमारी में रखता। हमारे पास कोई 'मातोश्री' नहीं है। यह सब एक साजिश है और एक नैरेटिव बनाया जा रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "कुछ लोगों को मुझसे दिक्कत है, लेकिन मैं उन्हें जवाब दूंगा। सिस्टम अपना काम कर रहा है और मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है। मैं किसी दबाव में नहीं हूं।"
मला संजय शिरसाटांची कमाल वाटते.
बॅग मधे चक्क पैसे दिसत असतांना, ते पैसे नाही, कपडे असतील असे शिरसाट म्हणूच कसे शकतात ? मी त्या विडिओला झूम करून फोटो काढला आहे.“हा माझ्या घरच्या वीडियो आहे “ असे ते म्हणत आहेत… त्यांच्यात हिम्मत असेल आणि ते खरं बोलत असतील तर आजच्या आज त्यांनी… pic.twitter.com/ZluMlMLf2A
— Mrs Anjali Damania (@anjali_damania) July 11, 2025
संजय राउत का फडणवीस पर तंज
संजय राउत ने एक और पोस्ट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा, "मुझे फडणवीस जी पर दया आती है! कितनी बार वो चुपचाप अपनी छवि को तार-तार होते देखेंगे? लाचारगी का दूसरा नाम है- फडणवीस!"

पहले भी विवादों में रहे हैं शिंदे गुट के नेता
यह ताजा विवाद उस वक्त सामने आया है जब शिंदे गुट के एक और विधायक संजय गायकवाड़ पर भी एक विवाद का साया मंडरा रहा है। गायकवाड़ पर आरोप है कि उन्होंने एक कैंटीन स्टाफ को सिर्फ इसलिए पीट दिया क्योंकि उन्हें खाने की गुणवत्ता खराब लगी थी। इस मामले पर विपक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, मुख्यमंत्री फडणवीस ने गायकवाड़ की हरकत की निंदा की थी।
क्या कहता है वायरल वीडियो?
हालांकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसमें मंत्री शिरसाट बेहद लापरवाह मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं। खुले नोटों से भरा बैग, उनका सिगरेट पीना और उनके बेडरूम की लोकेशन को लेकर जनता में भी कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष इसे "महाराष्ट्र सरकार की गिरती नैतिकता" से जोड़ रहा है।
मंत्री शिरसाट का यह वायरल वीडियो महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा रहा है। जहां विपक्ष सरकार की नैतिकता पर सवाल उठा रहा है, वहीं शिंदे गुट इसे साजिश करार दे रहा है। अब देखना होगा कि आयकर विभाग की कार्रवाई और इस वायरल वीडियो की जांच से आगे क्या नतीजा निकलता है। यह प्रकरण एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि राजनीति में पारदर्शिता और जवाबदेही कितनी अहम हो चुकी है-और जनता अब केवल बयानों से नहीं, कार्यों और साक्ष्यों से भी नेताओं की जिम्मेदारी तय कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications