Modi Cabinet: कैबिनेट पद नहीं मिलने से अब शिंदे गुट की खुलकर सामने आई नाराजगी, अन्य दलों से ऐसे की अपनी तुलना
Modi Cabinet 2024: मोदी 3.0 कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से अब शिवसेना के शिंदे गुट ने भी अपनी नाराजगी जताई है। इससे पहले अजित पवार की पार्टी एनसीपी ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। शिवसेना के चीफ व्हीप श्रीरंग बारणे ने अन्य सहयोगी दलों की कम सीट होने के बावजूद कैबिनेट मंत्रालय दिए जाने का मुद्दा उठाया है।
शिंदे गुट के सांसद श्रीरंग बारणे ने अपनी खुलकर नाराजगी जताते हुए कहा कि हमारी शिवसेना के स्ट्राइक रेट को देखते हुए हमें कैबिनेट मंत्री पद दिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने सात सीटें जीती हैं और बावजूद इसके उन्हें कोई कैबिनेट मंत्रालय नहीं दिया गया।

शिंदे गुट को मिला राज्य मंत्री का पद
शिंदे गुट के नेता बारणे ने कहा कि चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और एचडी कुमारस्वामी की पार्टी को कम सीट मिलने के बाद भी उनको कैबिनेट मंत्रालय दिया गया है, जबकि सात सांसद होने के बावजूद सिर्फ स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री का ही पद मिला।
कैबिनेट मंत्री का पद मिलने की जताई इच्छा
एक राज्यमंत्री पद मिलने पर उन्होंने कहा, "कई सालों से शिवसेना केंद्र सरकार का साथ देती आई है, कल (09 जून) शिवसेना को एक राज्य मंत्री का पद मिला है, लेकिन मुझे लगता है कि शिवसेना को केंद्रीय मंत्री का पद मिलना चाहिए था। मुझे व्यक्तिगत रूप से लगा कि पार्टी को एक कैबिनेट मंत्री का पद मिलना चाहिए था। मैंने सिर्फ अपनी बात रखी है, इसमें ना मेरा और ना ही पार्टी का कोई रोष है। कोई नाराजगी नहीं है।"
अन्य सहयोगी दलों से की तुलना
उन्होंने आगे कहा कि 'हम कैबिनेट में जगह की उम्मीद कर रहे थे, चिराग पासवान के पांच सांसद हैं, मांझी के एक सांसद हैं, जेडीएस के दो सांसद हैं। फिर भी उन्हें कैबिनेट मंत्रालय दिया गया, जबकि 7 लोकसभा सीटें मिलने के बावजूद हमें सिर्फ एक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) क्यों मिला।'
NCP भी जता चुकी नाराजगी
रविवार को अजित पवार की पार्टी एनसीपी ने भी कैबिनेट मंत्रालय ना मिलने से नाराजगी जाहिर की थी। पत्रकारों से बात करते हुए एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा था कि, "हमें राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के बारे में सूचना मिली, लेकिन मैं स्वयं भारत सरकार का कैबिनेट मंत्री पहले रह चुका हूं। इसलिए यह मेरे लिए एक डिमोशन होगा। इसलिए मेरे लिए यह पद लेना थोड़ा कठिन है।"












Click it and Unblock the Notifications