चोरी से परेशान किसान ने बढ़ाई टमाटरों की सुरक्षा, खेत में लगाया CCTV, अब मोबाइल से कर रहा पल-पल निगरानी
Farmer Install CCTV In Tomato Field: बीते 27 जून के बाद से अचानक देश में टमाटर के भाव में जोरदार उछाल आया है। 27 जून से पहले टमाटर 20 से 30 रुपए किलो बिक रहे थे, जो अब 200 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। इस बीच महाराष्ट्र के एक किसान ने टमाटर की फसल को चोरों से बचाने के लिए खेत में CCTV कैमरे लगवा दिए।
देश में इन दिनों टमाटर की कीमतें लोगों के बजट के बाहर जा चुकी है। यही वजह है कि टमाटर चोरी होने से लेकर टमाटर की सुरक्षा में लिए गार्ड तक के तैनात होने की खबरें सामने आ चुकी हैं।

इस बीच अब अब महाराष्ट्र के संभाजीनगर (औरंगाबाद) जिले से भी चौंकाने वाली खबर आई है, जहां एक किसान ने अपनी टमाटर की फसल पर नजर रखने के लिए खेत में सीसीटीवी कैमरा लगा दिए। किसान की माने तो पिछले 10 दिनों में खेत से हो रही टमाटर चोरी से परेशान होने के बाद उसे कैमरे लगवाने पड़े।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक औरंगाबाद जिले से 20 किलोमीटर दूर शाहपुर बानजार में एक किसान ने अपने खेत में टमाटरों की फसल की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं।
10 दिनों से हो रही थी चोरी
सीसीटीवी लगवाने वाले किसान शरद रावते के अनुसार पिछले कुछ दिन से उसके खेत से 25 से 30 किलो टमाटर चोरी हो रहे थे। जिसके बाद अब वो और नुकसान नहीं झेल पा रहा था और उसने खेत में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का फैसला किया।
छह-सात लाख रुपए की फसल
शरद रावते ने बताया कि उनका खेत 5 एकड़ में फैला हुआ है और उन्होंने 1.5 एकड़ में टमाटर उगाए हैं, जिससे उन्हें आसानी से 6-7 लाख रुपये मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि आज टमाटर सबसे अधिक मांग वाली सब्जी है। जिसका 22-25 किलो टमाटर का एक क्रेट 3,000 रुपए में बिक रहा है।
मोबाइल से पल-पल की निगरानी
किसान ने कहा कि टमाटरों की सुरक्षा के लिए उसने 22 हजार रुपए खर्च कर सीसीटीवी कैमरे लगावाए जो कि सौर ऊर्जा से चलते हैं और बिजली का खर्चा भी नहीं आता। किसान ने बताया कि अब वो खुद के फोन पर कहीं से भी अपने खेत पर नजर रख सकता है।












Click it and Unblock the Notifications