'कांग्रेस में शामिल होने के बजाय कुएं में कूद जाऊंगा..', महाराष्ट्र में नितिन गडकरी ने क्यों कहा ऐसा?
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता नितिन गडकरी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में राजनीति से जुड़ा एक रोचक किस्सा शेयर किया है। दरअसर उन्हें एक राजनेता ने कांग्रेस में शामिल होने की सलाह दी थी। जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह उस कांग्रेस का सदस्य बनने के बजाय कुएं में कूदकर मरना पसंद करेंगे।
नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर शुक्रवार को महाराष्ट्र के भंडारा में एक सभा को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया और पार्टी की यात्रा के बारे में कई बातें लोगों के साथ साझा कीं। उन्होंने कांग्रेस के दिवंगत नेता श्रीकांत जिचकर द्वारा एक बार उन्हें दी गई सलाह को भी याद किया।

गडकरी ने कहा कि जिचकर ने एक बार मुझसे कहा था कि आप एक बहुत अच्छे पार्टी कार्यकर्ता और नेता हैं। यदि आप कांग्रेस में शामिल हो जाते हैं, तो आपका भविष्य बहुत उज्ज्वल रहेगा, लेकिन मैंने उनसे कहा था कि मैं कांग्रेस में शामिल होने के बजाय कुएं में कूद जाऊंगा, क्योंकि मेरा बीजेपी और उसकी विचारधारा में मजबूत भरोसा है और मैं इसके लिए काम करना जारी रखूंगा।
नितिन गडकरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस के 60 साल के शासन की तुलना में भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में देश में दोगुना काम किया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लिए काम करते समय युवावस्था में उनमें मूल्यों को स्थापित करने के लिए संघ की भी सराहना की।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गडकरी ने कहा कि, कांग्रेस के बारे में कहा कि पार्टी बनने के बाद से कई बार टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश के लोकतंत्र के इतिहास को नहीं भूलना चाहिए। हमें भविष्य के लिए अतीत से सीखना चाहिए। अपने 60 साल के शासन के दौरान कांग्रेस ने 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया, लेकिन अपने निजी लाभ के लिए उसने कई एजूकेशन इंस्टीट्यूट खोले।
नितिन गडकरी ने भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने के विजन के लिए पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। कांग्रेस अपने 60 साल के शासन में जितना काम नहीं कर पाई, उससे दोगुना काम बीजेपी सरकार ने पिछले 9 साल में किया है।












Click it and Unblock the Notifications