'भारत-फ्रांस बनाएंगे एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ने वाला हेलीकॉप्टर', PM Modi ने मैक्रों के साथ मुंबई में किया ऐलान
Emmanuel Macron India Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मुंबई में कर्नाटक के वेमागल स्थित टाटा एयरबस की H-125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने फ्रांस को "स्पेशल पार्टनर" बताया। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को एक "विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी" तक बढ़ाने पर जोर दिया, जिसे उन्होंने "अनिश्चितता के बीच वैश्विक स्थिरता की शक्ति" करार दिया।
इसके बाद पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मुंबई में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कान्फ्रेंस में पीएम मोदी ने घोषणा की कि भारत और फ्रांस मिलकर भारत में एच-125 हेलीकॉप्टर विकसितकरेंगे। यह हेलीकॉप्टर माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई पर भी उड़ान भरने में सक्षम होगा।

भारत-फ्रांस की दोस्ती की कोई सीमा नहीं
पीएम मोदी ने दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' तक बढ़ाया। मुंबई में मैक्रों संग संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि भारत-फ्रांस की दोस्ती की "कोई सीमा नहीं" और यह "गहरे महासागरों से लेकर सबसे ऊँचे पहाड़ों तक" पहुेच सकती है। मोदी ने कहा, "भारत और फ्रांस के संबंध कोई सीमा नहीं जानते। आज की अशांत दुनिया में, यह वैश्विक स्थिरता के लिए एक साझेदारी है।"
दोनों राष्ट्र विश्वसनीय प्रौद्योगिकियों पर मिलकर काम कर रहे
पीएम मोदी ने बताया यह असेंबली लाइन फ्रांस की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत की क्षमता को एक साथ लाती है, जिससे दोनों राष्ट्र विश्वसनीय प्रौद्योगिकियों पर मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत और फ्रांस महत्वपूर्ण खनिजों, जैव प्रौद्योगिकी और उन्नत सामग्रियों में अपने सहयोग का विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने "स्वास्थ्य में एआई के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर," "डिजिटल विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर," और "एयरोनॉटिक्स में कौशल के लिए राष्ट्रीय गठबंधन केंद्र" सहित कई संयुक्त पहलों की शुरुआत की घोषणा की।

सहयोग की मजबूती पर बात करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हम क्रिटिकल मिनरल्स, बायोटेक्नोलॉजी और एडवांस्ड मैटेरियल्स में अपने सहयोग को मजबूत कर रहे हैं। हम इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर एआई इन हेल्थ, इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर डिजिटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी पर काम कर रहे हैं।"
मैक्रों ने भारत-फ्रांस संबंधों को अद्वितीय बताया
इस दौरान राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत-फ्रांस संबंधों को अद्वितीय बताया, जो विश्वास, खुलेपन और महत्वाकांक्षा पर आधारित है। मैक्रों ने विश्वास व्यक्त किया कि साझेदारी एक नए मुकाम पर पहुंच गई है और इसका भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने पिछले आठ वर्षों में हिंद-प्रशांत, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में हुए सहयोग के बारे में बताया।
सोमवार को मुंबई पहुंचे थे फ्रांस के राष्ट्रपति
मैक्रों मुंबई में सोमवार देर रात पहुंचे थे, जहां महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। मुंबई के कार्यक्रमों के बाद, दोनों नेता भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल होने के लिए नई दिल्ली जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications