Maharashtra NCP crisis: MLA के शक्ति प्रदर्शन में अजित पवार आगे, इस राउंड में पिछड़े शरद पवार
Maharashtra NCP Meetings update: एनसीपी में चाचा-भतीजे की सियासी लड़ाई में फिलहाल अजित पवार नंबर गेम में शरद पवार पर भारी पड़ते दिख रहे हैं। बुधवार को दोनों गुटों की ओर से अलग-अलग बैठक बुलाई गई थी।
एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित वाईबी चव्हाण सेंटर में पार्टी विधायकों और नेताओं की 11 बजे बैठक बुलाई थी। तो उपमुख्यमंत्री अजित पवार गुट ने 1 बजे बांद्रा स्थित मुंबई एजुकेशन ट्रस्ट में बैठक बुलाई थी।

अजित पवार की बैठक में करीब 30 एमएलए पहुंचे
इन दोनों ही बैठकों का मकसद शक्ति प्रदर्शन करना था। एनसीपी के पास कुल 53 एमएलए हैं, इनमें से कुछ रिपोर्ट के मुताबिक 31 एमएलए अजित पवार वाली बैठक में पहुंचे। जबकि, शरद पवार वाली बैठक में पहुंचे विधायकों की संख्या इसके आधे से भी कम यानी 13 रही ।
शरद पवार की बैठक में 13 एमएलए
शरद पवार वाली बैठक में कुल 13 एमएलए, 3 एमएलसी और 5 सांसदों के मौजूद रहे। 13 एमएलए में अनिल देशमुख, रोहित पवार, राजेंद्र शिंगणे, अशोक पवार, किरण लहमते, प्राजक्त तनपुरे, बालासाहेब पाटिल, जितेंद्र अव्हाड, चेतन विट्ठल तुपे, जयंत पाटिल, राजेश टोपे, संदीप क्षीरसागर और देवेंद्र भुयार शामिल हैं।
5 सांसदों में तीन लोकसभा के- श्रीनिवास पाटिल, सुप्रिया सुले और अमोल कोल्हे के अलावा राज्य सभा की फौजिया खान और वंदना चव्हाण शामिल हैं। बुधवार की बैठकों के लिए दोनों गुटों की ओर से अलग-अलग व्हिप जारी किया गया था। शरद पवार की ओर से जितेंद्र अव्हाड ने व्हिप जारी किया है, जिन्हें रविवार को ही पार्टी सुप्रीमो ने एनसीपी का चीफ व्हिप नियुक्त किया है।
बैठक खत्म होने के बाद अजित पवार गुट के सभी विधायकों को मुंबई के एक होटल में ले जाया गया है। उधर शरद पवार ने गुरुवार को दोपहर दिल्ली में पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक बैठक बुलाई है।
उधर अजित पवार गुट ने चुनाव आयोग में बड़ी तादाद में पार्टी विधायकों के हस्ताक्षर के साथ हलफनामा दायर किया है, जिसमें बताया गया है कि शरद पवार अब पार्टी अध्यक्ष नहीं हैं। इसमें अजित पवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए जाने का भी दावा किया गया है।
महाराष्ट्र के लिए सोचें, शरद पवार से भुजबल की अपील
इससे पहले अजित गुट के नेता और मंत्री छगन भुजबल ने शरद पवार से एक बार महाराष्ट्र के बारे में सोचने की अपील की थी। उन्होंने कहा है, 'हम यहां सिर्फ इसलिए हैं कि आपके (शरद पवार) आसपास कुछ करीबी लोग हैं, जो पार्टी को खत्म करना चाहते हैं। आप एक बार उन्हें साइडलाइन कर दें तो हम आपके पास वापस आने को तैयार हैं। तब हम आपके पास आ जाएंगे।'












Click it and Unblock the Notifications